बहराइच के 42 किसान पंतनगर में सीखेंगे विषमुक्त प्राकृतिक खेती की तकनीक
आत्मा योजना के तहत कृषक अध्ययन भ्रमण दल रवाना, फसल उत्पादन बढ़ाने के साथ दुग्ध उत्पादन, पशुपालन और मत्स्य पालन की भी लेंगे जानकारी
बहराइच, 28 नवंबर। आत्मा योजना के अंतर्गत जनपद के 42 किसानों को विषमुक्त प्राकृतिक खेती, फसल उत्पादन में वृद्धि और आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण दिलाने के उद्देश्य से शनिवार को कृषक अध्ययन भ्रमण दल को पंतनगर के लिए रवाना किया गया। कृषि भवन प्रांगण बहराइच से एक बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
उप कृषि निदेशक बहराइच विनय कुमार वर्मा के निर्देश पर अवर अभियंता कृषि नितिन कुमार मौर्य, लेखाकार अमन वर्मा तथा वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए राम प्रकाश मौर्य एवं अरविंद कुमार ने किसानों के दल को रवाना किया।
भ्रमण का मुख्य उद्देश्य किसानों को पंतनगर स्थित पंडित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय तथा अन्य संबंधित संस्थानों में कृषि उत्पादन बढ़ाने की नवीनतम तकनीकों से अवगत कराना है। इस दौरान किसान प्राकृतिक खेती, दुग्ध उत्पादन, पशुपालन, मत्स्य पालन और रेशम उत्पादन से संबंधित तकनीकी जानकारी प्राप्त करेंगे।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि आज अधिक उत्पादन के उद्देश्य से किसान अंधाधुंध रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों का प्रयोग कर रहे हैं, जिससे खाद्यान्न और सब्जियों में हानिकारक रसायनों की मात्रा बढ़ने का खतरा रहता है। इसका प्रतिकूल प्रभाव मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण पर पड़ता है। प्राकृतिक एवं विषमुक्त खेती को अपनाकर किसान न केवल लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध करा सकते हैं, बल्कि खेती की लागत कम करके अपनी आमदनी में भी वृद्धि कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद किसान आधुनिक कृषि तकनीकों को अपने खेतों में अपनाएंगे तथा आसपास के अन्य किसानों को भी प्राकृतिक खेती के लिए जागरूक करेंगे। इससे जनपद में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा मिलने के साथ खाद्यान्न उत्पादन और किसानों की आय में वृद्धि होगी।
इसी कार्यक्रम के अंतर्गत कृषि विभाग के 10 कर्मचारियों को भी मिलेट्स (श्रीअन्न) उत्पादन का प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए भेजा गया है। प्रशिक्षण के बाद ये कर्मचारी जनपद में मिलेट्स की खेती को प्रोत्साहित करने और किसानों को इसकी उन्नत उत्पादन तकनीकों की जानकारी देने में सहयोग करेंगे।







Views Today : 17839
Who's Online : 33