कर्मों का प्रतिघात

कर्मों का प्रतिघात
दूजों के घर आग जो, लगा रहे दिन-रात।
प्रकृति चुकाती ब्याज से, कर्मों का प्रतिघात॥
औरों के आँगन में जो, बोते काँटे रोज़।
उनके हिस्से भी कहाँ, खिलते सुख के भोज॥
परपीड़ा के बीज से, उगते नहीं गुलाब।
कर्म लौटकर एक दिन, देते स्वयं हिसाब॥
दूजों की बस्ती जला, जो समझे खुद वीर।
वक्त उसी के द्वार पर, लिखता नई लकीर॥
जो दूजों के घाव पर, छिड़कें हैं अंगार।
समय उन्हीं के द्वार पर, करता लौट प्रहार॥
प्रकृति न लेती पक्ष है, रखती सबका लेख।
जैसा बोया कर्म है, वैसा मिलता देख॥
दूजों की खुशियाँ जला, जो पाते संतोष।
वक्त उन्हीं के भाग्य में, लिखता अपना रोष॥
आग लगाकर दूसरों, हँसते जो दिन-रात।
कालिख उनके द्वार पर, लिखती उनकी बात॥
कर्म किसी के भी कभी, जाते नहीं निठार।
लौट हवाओं संग वे, करते हैं प्रतिकार॥
जो बोते हैं द्वेष को, पाते वही संताप।
प्रकृति सभी के कर्म का, रखती सदा हिसाब॥
औरों के आँगन जले, अपना महल निहार।
समय बदलता चाल जब, बचे नहीं अहंकार॥
— डॉ. सत्यवान ‘सौरभ’
(डॉ. सत्यवान सौरभ, पीएचडी (राजनीति विज्ञान), एक कवि और सामाजिक विचारक है।)

—

– डॉo सत्यवान सौरभ,

कवि, सामाजिक विचारक एवं स्तंभकार, आकाशवाणी एवं टीवी पेनालिस्ट,

333, परी वाटिका, कौशल्या भवन, बड़वा (सिवानी) भिवानी,

 हरियाणा – 127045, मोबाइल :9466526148,01255281381