★ दिल्ली में महज दो महीने की तैयारी के बाद हासिल की सफलता
★शिवांश की उपलब्धि पर क्षेत्र व परिवार में खुशी का माहौल
बस्ती। विकास क्षेत्र बहादुरपुर के सेमरा चींगन गांव निवासी समाजसेवी व शिक्षक प्रमोद पाण्डेय के पुत्र डॉ. शिवांश पाण्डेय ने विदेशी चिकित्सा स्नातक परीक्षा (एफएमजीई) उत्तीर्ण कर परिवार और क्षेत्र का मान बढ़ाया है। कजाकिस्तान से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर यह सफलता हासिल की है। उनकी उपलब्धि से गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
डॉ. शिवांश की प्रारंभिक शिक्षा केंद्रीय विद्यालय बस्ती से हुई। इसके बाद उन्होंने लखनऊ स्थित सेंट्रल एकेडमी से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की। चिकित्सा के क्षेत्र में करियर बनाने के उद्देश्य से उन्होंने वर्ष 2021 में कजाकिस्तान की सेमेई मेडिकल यूनिवर्सिटी में प्रवेश लिया। यहां से जुलाई 2026 में एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की। विदेश से मेडिकल की डिग्री हासिल करने के बाद भारत में चिकित्सा कार्य करने की पात्रता प्राप्त करने के लिए आयोजित होने वाली विदेशी चिकित्सा स्नातक परीक्षा (एफएमजीई) में शामिल हुए। उन्होंने दिल्ली में महज दो महीने की तैयारी के बाद परीक्षा उत्तीर्ण कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
डॉ. शिवांश की माता नीलम पाण्डेय गृहिणी हैं और ग्राम पंचायत सेमरा चींगन की प्रधान भी रह चुकी हैं। पिता प्रमोद कुमार पाण्डेय परिषदीय जूनियर हाईस्कूल में शिक्षक हैं। शिक्षकीय दायित्वों के साथ ही वह सामाजिक कार्यों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। शिवांश के बड़े भाई देवांकन पाण्डेय जयपुर में रहकर चार्टर्ड अकाउंटेंट की तैयारी कर रहे हैं।
डॉ. शिवांश ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद, शिक्षकों के मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में आगे बढ़कर लोगों की सेवा करना उनका लक्ष्य है। कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। लक्ष्य स्पष्ट हो और खुद पर विश्वास हो तो कठिन से कठिन मंजिल भी हासिल की जा सकती है। विदेश में पढ़ाई के दौरान कई चुनौतियां आईं, लेकिन माता-पिता के विश्वास और अपनी मेहनत ने कभी हार नहीं मानने दी। मेरा सपना बेहतर चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करना है।
पिता प्रमोद कुमार पाण्डेय ने कहा कि बेटे की इस उपलब्धि से पूरा परिवार गौरवान्वित है। उन्होंने कहा कि शिवांश ने कठिन परिश्रम और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
डॉ. शिवांश की इस सफलता पर पूर्व मंत्री श्रीराम चौहान, राज्य मंत्री महेश शुक्ल, विधायक हर्रैया अजय सिंह, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष उदयशंकर शुक्ल, भाजपा नेता अधिवक्ता देवानंद त्रिपाठी, दिलीप पाण्डेय, वरुण पाण्डेय, रमेश चंद्र पाण्डेय, प्रमुख प्रतिनिधि कृष्ण कुमार दूबे, अमरेश पाण्डेय, गोपेश्वर त्रिपाठी, पवन जयसवाल, पंकज मिश्र, अशोक उपाध्याय, रिंकू पाठक, दुर्गा प्रसाद ओझा सहित रिश्तेदारों, शुभचिंतकों और क्षेत्रीय लोगों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
Views: 13