मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का डीएम ने किया निरीक्षण, पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के दिए निर्देश

मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का डीएम ने किया निरीक्षण, पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के दिए निर्देश

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

बस्ती। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जनपद में निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को आयोजित विशेष कैंप का जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने निरीक्षण किया। उन्होंने रुधौली विधानसभा क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय, रुधौली कला स्थित मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) की उपस्थिति, आवेदन प्रक्रिया तथा पात्र नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान किसी भी पात्र नागरिक को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने में परेशानी नहीं होनी चाहिए। बीएलओ निर्धारित समय पर मतदेय स्थल पर उपस्थित रहकर नागरिकों को आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दें और प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करें।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। इसलिए 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं। जिन नागरिकों के नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं, वे निर्धारित प्रपत्र भरकर आवेदन करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

 

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

 

इस दौरान उप जिलाधिकारी रुधौली अहमद फरीद खान सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।