रुधौली तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 56 शिकायतों में 8 का मौके पर निस्तारण

रुधौली तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 56 शिकायतों में 8 का मौके पर निस्तारण

डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना ने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती । आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए शनिवार को तहसील रुधौली में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों को एक-एक कर सुना और मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारी शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनें तथा आवश्यकता पड़ने पर मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को थानों से संबंधित मामलों का तत्परता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।

उप जिलाधिकारी अहमद फरीद खान ने बताया कि संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 56 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 8 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 27, पुलिस की 3, विकास विभाग की 4, पूर्ति विभाग की 9, समाज कल्याण की 2, विद्युत विभाग की 4, बैंक की 1, चकबंदी की 2 तथा नगर पंचायत से संबंधित 4 शिकायतें शामिल रहीं।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव निगम, परियोजना निदेशक आनंद कुमार गुप्ता, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार, जिला कृषि अधिकारी बी.आर. मौर्या, जिला मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रेखा गुप्ता, जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह, जिला उद्यान अधिकारी अरुण त्रिपाठी, अग्रणी जिला प्रबंधक आर.एन. मौर्य सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।