डॉ. सुल्तान शाकिर हाशमी के जन्मोत्सव पर सजेगी साहित्यिक महफिल
46वां राष्ट्रीय कलमवीर दिवस 12 अक्टूबर को लखनऊ में
साहित्यकारों-पत्रकारों समेत कई विशिष्ट हस्तियों का होगा सम्मान
‘साहित्य एवं पत्रकारिता कल और आज’ विषय पर होगा राष्ट्रीय सेमिनार
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के प्रतिष्ठित वरिष्ठ साहित्यकार एवं पत्रकार डॉ. सुल्तान शाकिर हाशमी के जन्मोत्सव के अवसर पर सोमवार, 12 अक्टूबर 2026 को अपराह्न 3 बजे हिंदी संस्थान में 46वें राष्ट्रीय कलमवीर दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा। वर्ष 1980 से निरंतर देश के विभिन्न क्षेत्रों में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा यह आयोजन साहित्य, पत्रकारिता, शिक्षा, प्रशासन, विज्ञान, फिल्म, टीवी और रंगमंच सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों को सम्मानित करने का महत्वपूर्ण अवसर बनेगा। समारोह में राष्ट्रीय सेमिनार, साहित्यिक परिचर्चा, गजल गायन और सम्मान समारोह प्रमुख आकर्षण होंगे। इस वर्ष सेमिनार का विषय ‘साहित्य एवं पत्रकारिता कल और आज’ निर्धारित किया गया है। इस विषय पर आयोजित परिचर्चा की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक श्री महेश चंद द्विवेदी करेंगे।
आयोजन के मीडिया प्रभारी श्री अब्दुल वहीद ने बताया कि समारोह में पूर्व प्रदेश मंत्री एवं लोकसभा सांसद श्री जफर अली नकवी तथा ऐरा मेडिकल यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रोफेसर डॉक्टर अब्बास अली मेहदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। अतिविशिष्ट अतिथियों में हिंदी संस्थान, उत्तर प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष, वरिष्ठ साहित्यकार एवं कवि श्री उदय प्रताप सिंह, वरिष्ठ साहित्यकार पद्मश्री विद्या बिंदु सिंह, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉक्टर अनीस अंसारी, ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति, वरिष्ठ हास्य कवि एवं साहित्यकार श्री सूर्यकुमार पांडेय, उत्तर प्रदेश के उपलोकायुक्त श्री दिनेश कुमार सिंह, दूरदर्शन लखनऊ के उपनिदेशक (कार्यक्रम) श्री आत्म प्रकाश मिश्रा तथा लखनऊ विश्वविद्यालय के रूसी भाषा विभाग की पूर्व विभागाध्यक्ष प्रोफेसर साबिरा हबीब की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
समारोह का शुभारंभ वरिष्ठ साहित्यकार एवं पत्रकार डॉ. सुल्तान शाकिर हाशमी की लिखित गजलों की संगीतमय प्रस्तुति से होगा। प्रसिद्ध गजल गायक श्री मिथिलेश लखनवी अपनी आवाज में इन गजलों को प्रस्तुत करेंगे। इस अवसर पर उपस्थित सभी अतिथियों को ‘कलमवीर साहित्य शिखर सम्मान-2026’ से सम्मानित किया जाएगा। आयोजन के माध्यम से साहित्य और पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान देने वाली विभूतियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली हस्तियों को सम्मान प्रदान किया जाएगा।
इस वर्ष के प्रतिष्ठित ‘कलमवीर-चक्र सम्मान-2026’ के लिए विज्ञान, फिल्म, टीवी एवं रंगमंच के प्रसिद्ध वरिष्ठ कलाकार पद्मश्री डॉ. अनिल कुमार रस्तोगी, पद्मश्री डॉ. राजेंद्र प्रसाद, लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ. जय प्रकाश सैनी, उत्तर प्रदेश सरकार के माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव, लेखक श्री पार्थ सारथी सेन शर्मा (आईएएस), आईएएस अधिकारी श्री पवन कुमार, वरिष्ठ साहित्यकार एवं निदेशक, ग्रामीण विकास विभाग, नई दिल्ली तथा वरिष्ठ पत्रकार, टाइम्स ऑफ इंडिया श्री अरविन्द सिंह बिष्ट के नाम शामिल हैं।
इसी क्रम में ‘कलमवीर-रत्न सम्मान-2026’ के लिए पूर्व डीएसपी एवं उर्दू शायर श्री चरन सिंह ‘बशर’, शिक्षाविद्, लेखिका एवं कुशल प्रशासनिक अधिकारी डॉ. शान्त्वना दूबे तिवारी तथा इंडियन रेडक्रास सोसायटी की संरक्षक डॉ. सुषमा सिंह को सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त ‘प्रोफेसर (डॉ.) विष्णु गिरि गोस्वामी स्मृति सम्मान-2026’ के अंतर्गत वरिष्ठ साहित्यकार श्री नरेन्द्र भूषण तथा ‘डॉ. रंगनाथ मिश्र ‘सत्य’ स्मृति सम्मान-2026’ के अंतर्गत वरिष्ठ साहित्यकार श्री राजेश द्विवेदी के नाम शामिल हैं।
46वां राष्ट्रीय कलमवीर दिवस साहित्य और पत्रकारिता की बदलती भूमिका पर सार्थक संवाद स्थापित करने के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। डॉ. सुल्तान शाकिर हाशमी के जन्मोत्सव पर आयोजित यह समारोह साहित्यिक परंपराओं, विचार-विमर्श और रचनात्मक अभिव्यक्ति को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। सेमिनार, गजल गायन और सम्मान समारोह के माध्यम से साहित्य एवं पत्रकारिता के अतीत, वर्तमान और भविष्य पर सार्थक विमर्श होगा।