आगामी त्योहारों के दृष्टिगत थाना रुपईडीहा परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित; जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, भारत-नेपाल सीमा स्थित चेकपोस्ट का किया गया निरीक्षण
आज दिनांक 10.10.2026 को जिलाधिकारी बहराइच श्री राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक बहराइच श्री विश्वजीत श्रीवास्तव द्वारा आगामी त्योहारों नवरात्र, दुर्गा पूजा एवं दशहरा आदि के दृष्टिगत थाना रुपईडीहा परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री दुर्गा प्रसाद तिवारी, क्षेत्राधिकारी नानपारा श्री चित्रांशु गौतम, एसएसबी कमांडेंट सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी तथा क्षेत्र के संभ्रांत व्यक्ति, ग्राम प्रधान एवं बीडीसी सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने हेतु उपस्थित सभी लोगों से आपसी सौहार्द एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई। साथ ही धार्मिक आयोजनों एवं जुलूसों के दौरान निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन करने तथा किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न करने की अपील की गई। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर त्योहारों के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित कराने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को क्षेत्र में नियमित गश्त एवं चेकिंग करने, भीड़भाड़ वाले स्थानों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क दृष्टि बनाए रखने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही आयोजकों से समन्वय स्थापित कर जुलूस एवं धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी विवाद की स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। बैठक में उपस्थित सभी लोगों से अपील की गई कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं एवं अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
पीस कमेटी की बैठक के उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा पैदल मार्च कर भारत-नेपाल सीमा से सटे थाना रुपईडीहा क्षेत्र स्थित चेकपोस्ट का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए । पुलिस एवं प्रशासन द्वारा आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं।