दुर्गा पूजा की तैयारियों का डीएम और एसपी ने लिया जायजा, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

दुर्गा पूजा की तैयारियों का डीएम और एसपी ने लिया जायजा, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

 

पंडालों में अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा पर जोर, शोभायात्रा मार्ग पर यातायात सुचारु रखने के निर्देश

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती । दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने शनिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने शास्त्री चौक, कम्पनी बाग, गांधी नगर, पुरानी बस्ती, दक्षिण दरवाजा, नई बाजार एवं बस स्टेशन चौराहा सहित प्रमुख स्थानों पर दुर्गा पूजा पंडालों, शोभायात्रा मार्गों और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने दुर्गा पूजा आयोजकों को निर्देश दिया कि पंडाल निर्धारित स्थलों पर ही लगाए जाएं तथा उनके निर्माण में सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए। श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए पर्याप्त जगह रखने और भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

 

अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा पर विशेष जोर

 

जिलाधिकारी ने पंडालों में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा ज्वलनशील सामग्री के प्रयोग में सावधानी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्युत वायरिंग सुरक्षित होनी चाहिए और खुले व ढीले तारों का प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए। संबंधित अधिकारियों को पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की जांच करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि किसी अप्रिय घटना की आशंका को रोका जा सके।

 

शोभायात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश

 

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने शोभायात्रा मार्गों का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिया कि त्योहार के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। पंडालों और शोभायात्रा मार्गों के आसपास अनावश्यक भीड़ तथा वाहनों के जमावड़े को रोकने के लिए प्रभावी प्रबंध किए जाएं। पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों पर सतर्कता बरतने और भीड़ प्रबंधन के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया, जिससे श्रद्धालुओं के साथ आम नागरिकों को भी आवागमन में परेशानी न हो।

 

अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि दुर्गा पूजा का आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।

 

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकान्त, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार एवं राजेश यादव, क्षेत्राधिकारी पुलिस कुलदीप यादव, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका अंगद गुप्ता सहित यातायात पुलिस एवं विद्युत सुरक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।