भूकंप आपदा से निपटने की तैयारियों को परखा, मॉक ड्रिल में दिखाया राहत-बचाव का अभ्यास
एसडीएम हृदयराम तिवारी के नेतृत्व में हुई राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज, बच्चों को सिखाए आपदा से बचाव के तरीके
स्वास्थ्य, फायर ब्रिगेड और आपदा मित्रों की टीम ने किया राहत एवं बचाव का प्रदर्शन
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए जिला प्रशासन की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से शुक्रवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय खलीलाबाद में राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित इस अभ्यास का नेतृत्व सदर उप जिलाधिकारी हृदयराम तिवारी ने किया।
मॉक ड्रिल के दौरान भूकंप आने की स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों का प्रतीकात्मक अभ्यास कराया गया। आपदा की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग, फायर ब्रिगेड और आपदा मित्रों की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया। टीमों ने आपदा के दौरान घायलों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने तथा प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास कराया।
अभ्यास के दौरान विद्यालय के बच्चों और मौजूद लोगों को भूकंप के समय घबराने के बजाय धैर्य बनाए रखने तथा सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के उपाय बताए गए। बच्चों को आपदा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, प्राथमिक बचाव और राहत कार्यों की जानकारी भी दी गई।
मॉक एक्सरसाइज के माध्यम से यह भी परखा गया कि भूकंप जैसी आपात स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य कितनी प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकते हैं। अधिकारियों और राहत-बचाव टीमों ने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपनी जिम्मेदारियों का प्रदर्शन किया।
सदर एसडीएम हृदयराम तिवारी ने कहा कि मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य लोगों को आपदा के प्रति जागरूक करना तथा आपात स्थिति में राहत एवं बचाव व्यवस्था को प्रभावी बनाने की तैयारियों को परखना है। उन्होंने कहा कि आपदा के समय जागरूकता, सतर्कता और सही तरीके से बचाव के उपाय अपनाकर जनहानि को कम किया जा सकता है। इस मौके पर तहसीलदार अनुराग यादव, नायब तहसीलदार सत्यब्रत सिंह, प्रेम नारायण सिंह
आपदा राजस्व निरीक्षक वीरेंद्र कुमार चन्द्रभूषण, राकेश श्रीवास्तव संजीव मिश्रा, श्यामसुंदर धीरेंद्र श्रीवास्तव, राम अजूर लेखपाल, प्रदीप यादव, संजय यादव, अभिषेक श्रीवास्तव, राकेश गुप्ता, मुंद्रिका चौधरी। स्वास्थ्य विभाग से
डॉक्टर आलम हुसैन डॉ॰ सुखदेव
सहित सभी विभाग के पदाधिकारी मौजूद रहे