17 सितम्बर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, 17 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती । प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवाकाल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा नागरिकों को विकसित भारत-2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से जनपद में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान का शुभारम्भ 17 सितम्बर को होगा।
अभियान के प्रथम दिन प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत अस्पतालों में फल वितरण, रक्तदान शिविर तथा विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर टूलकिट वितरण किया जाएगा।
अभियान के प्रथम दिवस शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहेगा। इसके अंतर्गत वर्ष 2014 के बाद केंद्र सरकार तथा वर्ष 2017 के बाद केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा जनपद में कराए गए प्रमुख विकास एवं निर्माण कार्यों के 10 प्रमुख स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा।
इन स्थलों में प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट, तीर्थस्थल, आवास, चिकित्सालय, शिक्षण संस्थान, सरकारी कार्यालय तथा शहरी निकाय एवं पंचायतों द्वारा निर्मित पंचायत सचिवालय, अन्नपूर्णा भवन, अमृत सरोवर आदि शामिल हैं। अभियान के माध्यम से विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ नागरिकों को विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।