हत्या का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

हत्या का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

 

वाल्टरगंज पुलिस, एसओजी व सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई; मृतक के दस्तावेज, मोबाइल व बाइक बरामद

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। वाल्टरगंज थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में यशवंत कुमार हत्याकांड का सफल अनावरण करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामललित चौधरी निवासी पनेराभारी, थाना हर्रैया और सोना देवी निवासी कौड़ीकोल, थाना कप्तानगंज के रूप में हुई है। दोनों को शुक्रवार को अमहट से हाईवे जाने वाले मोड़ के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया।

 

पुलिस के अनुसार, यशवंत कुमार उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम, निर्माण इकाई गोरखपुर में संविदा पर कार्यरत था। 8 सितंबर को ड्यूटी से लौटने के बाद वह नगर बाजार से घर के लिए निकला था, लेकिन घर नहीं पहुंचा। अगले दिन उसकी मोटरसाइकिल थाना दुबौलिया क्षेत्र में तथा शव वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में धमौरा के पास सड़क किनारे मिला था। मामले में 11 सितंबर को अज्ञात के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था।

 

पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी रामललित ने कथित तौर पर बताया कि यशवंत को योजनाबद्ध तरीके से बुलाया गया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने गन्ने के खेत के पास यशवंत को गिराकर उसका गला दबाया तथा सीने पर पैर रखकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को मोटरसाइकिल पर लादकर वाल्टरगंज क्षेत्र में नहर के पास सड़क किनारे छोड़ दिया गया।

 

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो कीपैड मोबाइल फोन, मृतक का पासपोर्ट, एसबीआई पासबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड व ड्राइविंग लाइसेंस, 2,070 रुपये नकद तथा घटना से संबंधित एक सफेद रंग की पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद की है।

कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक वाल्टरगंज ज्ञानेन्द्र कुमार राय, एसओजी प्रभारी निरीक्षक विकास यादव, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक शेषनाथ यादव सहित थाना वाल्टरगंज, एसओजी और सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।