आपदा प्रबंधन में बस्ती की सक्रिय भागीदारी, कार्यशाला में रखे तीन अभिनव प्रस्ताव
जिला आपदा विशेषज्ञ रंजीत रंजन ने लखनऊ में किया जनपद का प्रतिनिधित्व, बाढ़, लू और आपात स्थितियों से निपटने की तैयारियों का दिया ब्यौरा
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (UPSDMA), लखनऊ में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला में बस्ती जनपद के जिला आपदा विशेषज्ञ रंजीत रंजन ने प्रतिभाग कर जनपद का प्रतिनिधित्व किया। कार्यशाला का उद्देश्य प्रदेश में आपदा जोखिम न्यूनीकरण, आपदा प्रबंधन की वर्तमान गतिविधियों की समीक्षा तथा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरणों की कार्यक्षमता और संस्थागत क्षमता को मजबूत करना रहा।
कार्यशाला का उद्घाटन राजस्व विभाग की प्रमुख सचिव अपर्णा यू., एच. भास्कर यशोद (आईएएस) तथा उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल योगेंद्र डिमरी ने संयुक्त रूप से किया। इसमें प्रदेश के सभी 75 जनपदों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यशाला के दौरान रंजीत रंजन ने बस्ती जनपद में आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों, तैयारियों, उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजना पर प्रस्तुतीकरण दिया। इसमें बाढ़, लू और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की तैयारियों, पूर्व चेतावनी प्रणाली, सामुदायिक सहभागिता, प्रशिक्षण, मॉक एक्सरसाइज तथा जन-जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं को प्रमुखता से रखा गया।
इस दौरान उन्होंने आपदा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, समावेशी और जन-केंद्रित बनाने के उद्देश्य से तीन अभिनव प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए। जनपद के प्रस्तुतीकरण और नवाचार संबंधी सुझावों को कार्यशाला में मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों एवं प्राधिकरण के पदाधिकारियों ने सराहा तथा उन पर सकारात्मक रूप से संज्ञान लिया।
कार्यशाला में बस्ती जनपद को राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप CBRN (रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल एवं परमाणु) आपदा प्रबंधन तथा अस्पतालों की आपदा सुरक्षा एवं तैयारियों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसका उद्देश्य संभावित औद्योगिक एवं रासायनिक दुर्घटनाओं से निपटने के साथ ही आपदा के दौरान अस्पतालों में सुरक्षित और निर्बाध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
कार्यशाला प्रदेश के सभी जनपदों के बीच अनुभवों के आदान-प्रदान, बेहतर कार्यप्रणालियों को साझा करने तथा जमीनी स्तर पर आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में आयोजित की गई। इसमें बस्ती की भागीदारी और प्रस्तुत किए गए नवाचार आधारित सुझावों को जनपद की आपदा प्रबंधन तैयारियों को आगे बढ़ाने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।







Views Today : 18162
Who's Online : 19