स्वाइन फ्लू से निपटने को महामाया राजकीय ऐलोपैथिक मेडिकल कॉलेज तैयार, उपचार व ऑक्सीजन की व्यवस्था मजबूत
अंबेडकरनगर। स्वाइन फ्लू (एच1एन1) के बढ़ते मामलों को देखते हुए महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज, अंबेडकरनगर में मरीजों के उपचार एवं संक्रमण से बचाव को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अस्पताल प्रशासन की ओर से मरीजों की जांच, उपचार तथा जरूरत पड़ने पर भर्ती की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
प्रधानाचार्य डॉक्टर मुकेश यादव के दिशा-निर्देशन में स्वाइन फ्लू के संभावित मरीजों की पहचान पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। गंभीर लक्षण वाले मरीजों को चिकित्सकीय निगरानी में रखते हुए आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। आपात स्थिति से निपटने के लिए ऑक्सीजन की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को तत्काल ऑक्सीजन सपोर्ट मिल सके।
स्वाइन फ्लू के उपचार में उपयोग होने वाली टैमीफ्लू दवा की उपलब्धता को भी प्राथमिकता दी गई है। चिकित्सकों की निगरानी में जरूरतमंद मरीजों को समय से उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
कॉलेज प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि बुखार, खांसी, गले में खराश, सांस लेने में परेशानी अथवा फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और समय से चिकित्सकीय परामर्श लें। साथ ही संक्रमण से बचाव के लिए मास्क का प्रयोग, हाथों की स्वच्छता तथा संक्रमित व्यक्ति के संपर्क से बचने जैसे उपायों को अपनाने पर जोर दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत कॉलेज में स्वाइन फ्लू की रोकथाम और समय पर उपचार को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसका उद्देश्य संभावित मरीजों की समय से पहचान कर उन्हें आवश्यक उपचार उपलब्ध कराना तथा संक्रमण को गंभीर स्थिति तक पहुंचने से रोकना है। हाल में प्रदेश में एच1एन1 मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को सतर्क रहने और आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं।