नेत्रदान पखवाड़े के तहत मेडिकल कॉलेज में पोस्टर-बैनर प्रतियोगिता एवं जागरूकता कार्यक्रम

नेत्रदान पखवाड़े के तहत मेडिकल कॉलेज में पोस्टर-बैनर प्रतियोगिता एवं जागरूकता कार्यक्रम

 

अंबेडकर नगर। नेत्रदान पखवाड़े के अंतर्गत 31 अगस्त 2026 को महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज, अंबेडकर नगर के नेत्र विभाग द्वारा विभागीय परिसर में बैनर एवं पोस्टर प्रतियोगिता तथा नेत्रदान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

 

कार्यक्रम का आयोजन एवं नेतृत्व नेत्र विभागाध्यक्ष एवं आचार्य डॉ. अमित कुमार पटेल ने किया। इस अवसर पर डॉ. साजन देव केसरी, डॉ. सृष्टि नागराजन, डॉ. दीपक वर्मा, डॉ. नीलम एवं डॉ. आनंद सहित वरिष्ठ एवं कनिष्ठ रेजिडेंट, इंटर्न तथा मेडिकल एवं नर्सिंग के छात्र-छात्राएं, नर्सिंग व्याख्याता गार्गी और नेत्र विभाग के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

पोस्टर एवं बैनर प्रतियोगिता में नर्सिंग छात्र-छात्राओं के साथ-साथ एमबीबीएस विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने आकर्षक पोस्टर एवं बैनर के माध्यम से नेत्रदान के महत्व तथा इसके सामाजिक संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

 

कार्यक्रम के दौरान नेत्र विभाग में उपचार एवं परामर्श के लिए आए मरीजों तथा उनके तीमारदारों को नेत्रदान के महत्व, नेत्रदान की प्रक्रिया तथा मृत्यु के बाद नेत्रदान से दृष्टिहीन व्यक्तियों के जीवन में आने वाले सकारात्मक बदलाव के संबंध में जानकारी दी गई। लोगों को नेत्रदान के प्रति जागरूक करते हुए मरणोपरांत नेत्रदान के लिए प्रेरित किया गया।

 

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि नेत्रदान किसी व्यक्ति के जीवन का सबसे महान सामाजिक योगदान हो सकता है। एक व्यक्ति के नेत्रदान से किसी दृष्टिहीन व्यक्ति के जीवन में रोशनी लौट सकती है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों को नेत्रदान के लिए प्रेरित करना रहा।

 

“नेत्रदान—किसी के जीवन में रोशनी का उपहार” संदेश के साथ आयोजित यह जागरूकता अभियान चिकित्सकों, रेजिडेंट, इंटर्न एवं छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता से सफलतापूर्वक एवं सुचारु रूप से संपन्न हुआ।