मिशन शक्ति अभियान में महिलाओं व छात्राओं को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। मिशन शक्ति (नारी सुरक्षा, नारी सम्मान एवं नारी स्वावलंबन) फेज-5 अभियान के तहत मंगलवार को एंटी रोमियो स्क्वाड बस्ती एवं महिला थाना की एंटी रोमियो टीम ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान छात्र-छात्राओं, बालिकाओं एवं महिलाओं को सुरक्षा और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
टीम ने विद्यालयों, ग्रामीण क्षेत्रों, बाजारों, मंदिरों एवं पार्कों सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। संकट की स्थिति में 1090, 181, 112, 1076, 1098 एवं 108 नंबरों का प्रयोग करने के लिए जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान महिलाओं और छात्राओं को विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों से बचाव के प्रति भी सचेत किया गया। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
इसके साथ ही पुलिस टीम ने देश में लागू तीन नए आपराधिक कानूनों—भारतीय न्याय संहिता-2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम-2023 के संबंध में भी जानकारी दी। लोगों को किसी भी समस्या या आवश्यकता की स्थिति में संबंधित थाने के सीयूजी नंबर पर संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।