राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर प्री-ट्रायल बैठक, जिम्मेदार अधिकारियों की अनुपस्थिति पर जनपद न्यायाधीश नाराज

राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर प्री-ट्रायल बैठक, जिम्मेदार अधिकारियों की अनुपस्थिति पर जनपद न्यायाधीश नाराज

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती । राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर जनपद के प्रशासनिक विभागों के अधिकारियों की प्री-ट्रायल बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता माननीय जनपद न्यायाधीश बस्ती श्री शमसुल हक ने की।

बैठक का आयोजन 20 अगस्त को माननीय जनपद न्यायाधीश के विश्राम कक्ष में किया गया। इसमें सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवेन्द्र कुमार-प्रथम सहित राजस्व, पुलिस, खाद्य एवं रसद, स्वास्थ्य, कृषि, श्रम, खनन, आबकारी तथा बीएसएनएल विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान आरटीओ, समाज कल्याण विभाग एवं महिला कल्याण विभाग की ओर से संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के स्थान पर अधीनस्थ कर्मचारियों को भेजे जाने तथा कुछ विभागों से किसी अधिकारी के उपस्थित नहीं होने पर जनपद न्यायाधीश ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी बैठकों में संबंधित विभागों के जिम्मेदार अधिकारी स्वयं उपस्थित होकर बैठक में प्रतिभाग करें।

जनपद न्यायाधीश ने राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों को नियत कर उनका प्रभावी एवं शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने पर भी जोर दिया।

बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण के लिए विभागवार तैयारियों पर चर्चा की गई। अधिकारियों को लंबित एवं लोक अदालत के माध्यम से निस्तारित किए जा सकने वाले मामलों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की पुनः समीक्षा के लिए जनपद के प्रशासनिक विभागों के अधिकारियों की अगली बैठक 8 सितंबर 2026 को निर्धारित की गई है।

बैठक के संबंध में जानकारी देवेन्द्र कुमार-प्रथम, सचिव (पूर्णकालिक), जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बस्ती द्वारा दी गई।