सनराइज स्कूल में पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल ने किया पौधरोपण, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। सदर विधानसभा क्षेत्र के रेलवे स्टेशन रोड स्थित पुरानी बस्ती के सनराइज स्कूल (SUNRISE SCHOOL) परिसर में एक पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रुधौली (309) के पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित और संतुलित बनाए रखने के लिए केवल पौधे लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आसपास हरियाली बढ़ाने और स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
संजय प्रताप जायसवाल ने आगे कहा, “आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, बेहतर पर्यावरण और सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव तैयार करता है।” उनके इस प्रेरणादायक संबोधन के बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।