मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला थाना पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला थाना पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को पुलिस अधीक्षक बस्ती श्री यशवीर सिंह के आदेश के क्रम में, अपर पुलिस अधीक्षक श्री श्यामकांत के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सदर श्री सत्येंद्र भूषण तिवारी के कुशल पर्यवेक्षण में महिला थाना पुलिस द्वारा व्यापक चेकिंग एवं महिला जागरूकता अभियान चलाया गया।

महिला थाना प्रभारी के नेतृत्व में महिला कांस्टेबल सोनी भारती, श्वेता सरोज, अनीता चौहान एवं गोल्डी ने कोतवाली क्षेत्र के गांधी नगर, रोडवेज चौराहा, कोटेश्वर पार्क, जिला अस्पताल सहित अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भ्रमण कर चेकिंग की। इस दौरान बाजार आने-जाने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को मिशन शक्ति फेज-5 तथा ऑपरेशन मजनू अभियान के तहत महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को संकट की स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए शासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 112, 1076, 1098 एवं 108 की जानकारी दी तथा जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग करने के लिए जागरूक किया। इसके साथ ही महिलाओं एवं आम नागरिकों को विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।

पुलिस टीम ने नागरिकों को देश में लागू तीन नए आपराधिक कानूनों—भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023—के संबंध में भी जानकारी प्रदान की। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर पुलिस के सीयूजी नंबर पर संपर्क करने की अपील की गई।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने सार्वजनिक एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अनावश्यक रूप से घूम रहे करीब 50 व्यक्तियों से पूछताछ की। इनमें से 05 व्यक्तियों से माफीनामा भरवाया गया, जबकि शेष व्यक्तियों को भविष्य में अनावश्यक रूप से घूमने पर कार्रवाई की चेतावनी देते हुए सख्त हिदायत देकर मौके से छोड़ दिया गया।

महिला थाना पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की परेशानी, छेड़छाड़, साइबर ठगी अथवा महिला संबंधी अपराध की स्थिति में बिना किसी भय के तत्काल पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन पर सूचना दें। पुलिस ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए जागरूकता एवं निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा।