सूर्या स्कूल में लोकतंत्र की गूंज, अविनाश चतुर्वेदी और अनु यादव बने कप्तान
आर्यन कुमार और उन्नति गुप्ता ने वाइस कैप्टन पद पर जमाया कब्जा, वोटिंग में उमड़ा जनसैलाब
डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी, सविता चतुर्वेदी, रविनेश श्रीवास्तव की निगरानी में निष्पक्ष चुनाव बना मिसाल
जीतेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। जिले के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खलीलाबाद में लोकतंत्र का अद्भुत नजारा देखने को मिला, जहां नए सत्र के लिए कप्तान और वाइस कैप्टन पद का चुनाव पूरे उत्साह, अनुशासन और पारदर्शिता के साथ संपन्न हुआ। सुबह 9 बजे से शुरू हुई मतदान प्रक्रिया में कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने भारी संख्या में भाग लिया और लंबी कतारों में खड़े होकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
विद्यालय परिसर में मतदान को लेकर गजब का जोश देखने को मिला। हर छात्र अपने पसंदीदा प्रत्याशी के समर्थन में उत्साहित नजर आया। चुनाव को पूरी तरह निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए विद्यालय के प्रबंधक डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी, निदेशिका सविता चतुर्वेदी और प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव स्वयं लगातार मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते रहे और चुनाव अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे।
दोपहर 12 बजे जैसे ही परिणाम घोषित हुए, पूरा विद्यालय तालियों और नारों से गूंज उठा। परिणामों में बालक वर्ग से अविनाश चतुर्वेदी ने कप्तान पद पर शानदार जीत दर्ज की, जबकि बालिका वर्ग में अनु यादव ने अपने नेतृत्व का लोहा मनवाते हुए कप्तान पद पर कब्जा जमाया। वहीं वाइस कैप्टन पद पर बालक वर्ग से आर्यन कुमार और बालिका वर्ग से उन्नति गुप्ता विजयी रहे।
जीत की घोषणा होते ही विद्यालय परिवार ने नवनिर्वाचित कप्तानों और वाइस कैप्टनों को फूलमालाओं से लाद दिया और मिठाई खिलाकर उनका भव्य स्वागत किया। चारों ओर जश्न का माहौल बन गया और साथी छात्रों ने भी अपने नेताओं को बधाइयों से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर प्रबंधक डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि इस तरह के चुनाव छात्रों को लोकतंत्र की वास्तविक समझ देते हैं और उनमें नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। निदेशिका सविता चतुर्वेदी ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हार-जीत जीवन का हिस्सा है, लेकिन प्रयास कभी नहीं रुकना चाहिए। प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है।
अंत में नवनिर्वाचित कप्तान अविनाश चतुर्वेदी, अनु यादव तथा वाइस कैप्टन आर्यन कुमार और उन्नति गुप्ता ने विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि वे पूरी निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह जल्द ही आयोजित किया जाएगा।