*जिला उद्योग बंधु एवं जिला व्यापार बंधु की बैठक में निवेश एवं स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की जिलाधिकारी ने की समीक्षा*
*निवेश मित्र पोर्टल के लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण एवं स्वीकृत ऋण प्रकरणों का तत्काल वितरण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश*
अम्बेडकरनगर । जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु एवं जिला व्यापार बंधु की संयुक्त बैठक आयोजित हुई। बैठक में निवेश मित्र पोर्टल, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) ऋण योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम-युवा), एक जनपद एक व्यंजन (ओडीओसी) योजना सहित विभिन्न औद्योगिक एवं स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही निवेशकों एवं उद्यमियों की विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं तथा पीएलईडीजीई (PLEDGE) निजी औद्योगिक पार्क विकास योजना की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निवेश मित्र पोर्टल पर विभिन्न विभागों में लंबित आवेदनों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन के मंशानुसार निवेशकों एवं उद्यमियों को पारदर्शी, सरल एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
बैठक में उपायुक्त उद्योग ने अवगत कराया कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद को 169 लाभार्थियों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इसके सापेक्ष अब तक 117 आवेदन विभिन्न बैंकों को प्रेषित किए जा चुके हैं। इनमें 23 लाभार्थियों को ऋण वितरित किया जा चुका है, 19 आवेदन स्वीकृत हैं तथा 113 आवेदन विभिन्न बैंकों में लंबित हैं। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना को शासन की महत्वाकांक्षी योजना बताते हुए बैंक ऑफ बड़ौदा, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया सहित सभी संबंधित बैंकों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने तथा स्वीकृत आवेदनों पर तत्काल ऋण वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) ऋण योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद को 50 लाभार्थियों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इसके सापेक्ष 58 आवेदन विभिन्न बैंकों को भेजे गए हैं, जिनमें 11 आवेदन स्वीकृत तथा 13 लाभार्थियों को ऋण वितरित किया जा चुका है। शेष लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा संबंधित बैंकों को दिए गए।
जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम-युवा) के अंतर्गत सभी संबंधित विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक के दौरान उपायुक्त उद्योग ने उपस्थित उद्यमियों एवं व्यापारी बंधुओं को एक जनपद एक व्यंजन (ओडीओसी) योजना एवं एक जनपद एक व्यंजन विपणन प्रोत्साहन योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
जिला व्यापार बंधु की बैठक में व्यापारियों द्वारा उठाई गई विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) हरेंद्र कुमार, उपायुक्त उद्योग, विद्युत, लोक निर्माण विभाग, नगरीय निकाय, पूर्ति विभाग के अधिकारी, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि तथा उद्यमी एवं व्यापारी बंधु उपस्थित रहे।