दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे पहुंचे पोस्टमार्टम हाउस, शोकाकुल परिवार को दी सांत्वना—हर संभव मदद का भरोसा

दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे पहुंचे पोस्टमार्टम हाउस, शोकाकुल परिवार को दी सांत्वना—हर संभव मदद का भरोसा

 

संतकबीरनगर में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने परिवार के चार लोगों को रौंदा, मौके पर दर्दनाक मौत

 

हाइवे किनारे चारपाई पर बैठे दंपति व दो मासूम बने काल का शिकार, चालक को झपकी आने से हुआ दर्दनाक हादसा

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर। खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम केनौना कुर्थिया में सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे जिले को गहरे सदमे में डाल दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (गोरखपुर-लखनऊ मार्ग) पर तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे बैठे एक ही परिवार के चार लोगों को कुचल दिया, जिससे सभी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम और शोक की लहर दौड़ गई।

 

हादसे की सूचना मिलते ही भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे जिला अस्पताल स्थित मर्जरी हाउस पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। पूर्व विधायक ने कहा कि एक ही परिवार के चार सदस्यों का इस तरह असमय चले जाना अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में वह पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा कुर्थिया चौराहे के पास हुआ। भीषण गर्मी के चलते लालजी (62) पुत्र गनपत अपनी पत्नी ज्ञानमती (60) के साथ घर के बाहर चारपाई पर बैठे थे। उनके साथ दो नाती आदर्श (12) पुत्र अनिल कुमार और सत्यम (6) पुत्र राजेश कुमार भी मौजूद थे। इसी दौरान खलीलाबाद से बस्ती की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया। प्रारंभिक जानकारी में चालक को झपकी आना हादसे का प्रमुख कारण बताया जा रहा है, जिसके चलते ट्रक सीधे चारों के ऊपर चढ़ गया।

हादसा इतना भयावह था कि चारों की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक सभी को कुचलते हुए सड़क किनारे गड्ढे में जा फंसा। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही कांटे चौकी पुलिस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, खलीलाबाद कोतवाल, ट्रैफिक इंस्पेक्टर सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक के नीचे फंसे शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा ट्रक को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

पोस्टमार्टम हाउस पर ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जहां हर कोई इस दुखद घटना से स्तब्ध नजर आया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम आवश्यक कानूनी व चिकित्सीय प्रक्रियाएं पूरी कराने में जुटी रही।

 

इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है। जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई है। वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण की मांग की है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।