जिला कारागार में दो पावरलूम सेट का उद्घाटन, बंदियों को मिलेगा रोजगार का अवसर
अम्बेडकरनगर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने जिला कारागार, अकबरपुर में दो पावरलूम सेट का उद्घाटन किया। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जनपद के एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) के अंतर्गत हथकरघा एवं वस्त्र उद्योग को बढ़ावा देने की पहल के क्रम में बलरामपुर चीनी मिल के सीएसआर फंड तथा उद्योग विभाग के सहयोग से यह पावरलूम स्थापित किए गए हैं। इस पहल से कारागार में निरुद्ध बंदियों को कौशल विकास के साथ रोजगार का एक बेहतर अवसर प्राप्त होगा, जिससे वे अपनी दक्षता बढ़ाने के साथ आय अर्जित करने में भी सक्षम बन सकेंगे। कार्यक्रम में बलरामपुर चीनी मिल के अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।