NEET-2026 में सरस्वती विद्या मंदिर के मेधावियों का सम्मान AIR 294 पाने वाले शिवम मणि त्रिपाठी बने आकर्षण
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल रामबाग, बस्ती में NEET-2026 में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय रैंक AIR-294 प्राप्त कर जनपद का नाम रोशन करने वाले शिवम मणि त्रिपाठी सहित अन्य सफल विद्यार्थियों का माल्यार्पण, स्मृति-चिह्न एवं मिठाई भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं उनके अभिभावकों को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य गोविन्द सिंह ने सफल विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों के स्वागत से किया। इस अवसर पर रमित पाण्डेय, अमर सिंह, आशुतोष, शशि भूषण त्रिपाठी, रमन वर्मा, शाश्वत पाण्डेय तथा संतोष मिश्रा को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
प्रधानाचार्य गोविन्द सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनके कठिन परिश्रम अनुशासन अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं बल्कि मानव सेवा का सर्वोच्च माध्यम है और विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों के साथ समाज व राष्ट्र की सेवा करनी चाहिए।
विद्यालय प्रबंध समिति के प्रबंधक डॉ. सुरेन्द्र प्रताप सिंह ने सफल विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संस्कार और चरित्र निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यालय के विद्यार्थी चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देकर विद्यालय और जनपद का गौरव बढ़ाएंगे। समारोह में वरिष्ठ आचार्य विजय प्रताप पाठक, आशीष सिंह, संदीप सिंह बघेल रविकुल रतन पाण्डेय, चन्द्रमणि पाण्डेय सुधांशु सिंह, अश्वनी कुमार पाण्डेय अंकित कुमार गुप्ता सहित समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। अभिभावकों ने विद्यालय के अनुशासित एवं संस्कारयुक्त शैक्षिक वातावरण की सराहना करते हुए शिक्षक परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।