विद्यालयों को सौंपी गई जनपद स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं की जिम्मेदारी

विद्यालयों को सौंपी गई जनपद स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं की जिम्मेदारी

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती। जनपदीय खेलकूद प्रतियोगिता सत्र 2026-27 के आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रतियोगिताओं के सफल संचालन के लिए विभिन्न विद्यालयों को अलग-अलग खेलों के आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रतियोगिताओं का आगाज 21 व 22 जुलाई को जनता इंटर कॉलेज, पोखरा बाजार के तत्वावधान में आयोजित सब-जूनियर एवं जूनियर नेहरू हॉकी प्रतियोगिता से होगा, जो शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम, बस्ती में आयोजित की जाएगी।शनिवार को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बस्ती में जिला विद्यालय निरीक्षक संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में जनपदीय क्रीड़ा समिति की बैठक आयोजित हुई। उन्होंने कहा कि जनपद एवं मंडल स्तर की सभी प्रतियोगिताएं निर्धारित समय-सारिणी एवं खेल मानकों के अनुरूप कराई जाएंगी। सभी आयोजक विद्यालय समयबद्ध, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से प्रतियोगिताओं का संचालन सुनिश्चित करें।बैठक में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की जिम्मेदारी भी तय की गई। तैराकी प्रतियोगिता का दायित्व झिनकू लाल इंटर कॉलेज कलवारी, कुश्ती का सर्वोदय इंटर कॉलेज रायठ, एथलेटिक्स का जीआरएस इंटर कॉलेज बस्ती, बैडमिंटन का श्रीकृष्ण पाण्डेय इंटर कॉलेज बस्ती, वॉलीबॉल रामदास उदयप्रताप इंटर कॉलेज भटपुरवा, योगासन का राजकीय इंटर कॉलेज बस्ती, कबड्डी का आदर्श इंटर कॉलेज सल्टौआ तथा खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन औद्योगिक विकास इण्टर कॉलेज बिहरा बाजार स्थित विद्यालय को सौंपा गया। इस दौरान जनपदीय क्रीड़ा समिति का भी गठन किया गया। 21 एवं 22 जुलाई को आयोजित होने वाली सब-जूनियर (15 वर्ष बालक) एवं जूनियर (17 वर्ष बालक-बालिका) नेहरू हॉकी प्रतियोगिता में जनपद के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों की टीमें प्रतिभाग करेंगी। इसके लिए सभी विद्यालयों को पत्र जारी कर निर्धारित आयु वर्ग की टीमों को पूर्ण अभिलेखों के साथ टीम कोच अथवा टीम मैनेजर सहित समय से प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में मुख्य रूप से प्रधानाचार्य कमलेश कुमार द्विवेदी, विजय प्रकाश, आज्ञाराम चौधरी, विद्याधर वर्मा, योगेश शुक्ला, हरिराम बंसल, मनोज सिंह, डॉ. सुरभि सिंह, कृष्ण देव द्विवेदी, वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक प्रभाकर रंजन ओझा, माता प्रसाद त्रिपाठी, रमेश गुप्ता, अमरनाथ मौर्य, हरीश कुमार सिंह, वेद प्रकाश द्विवेदी, कुंवर विकास सिंह, अभिषेक, चंद्रशेखर चौधरी, के.के. पाठक एवं राजकुमार यादव सहित जनपद के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं शारीरिक शिक्षा शिक्षक उपस्थित रहे। प्रतियोगिताओं के सफल, सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।