अटल आवासीय विद्यालय में दो छात्र गुटों के बीच झड़प, पुलिस बल तैनात

बस्ती: अटल आवासीय विद्यालय में दो छात्र गुटों के बीच झड़प, पुलिस बल तैनात

अनुराग लक्ष्य न्यूज

बस्ती। हर्रैया तहसील क्षेत्र के बसेवा राय स्थित अटल आवासीय विद्यालय में शुक्रवार को दो छात्र गुटों के बीच हुई झड़प से परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमा सक्रिय हो गया।

हालात को नियंत्रित करने के लिए दो थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और विद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

सूचना पर एसडीएम हर्रैया उमाकांत तिवारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय प्रशासन, पुलिस अधिकारियों तथा छात्रों से घटना के संबंध में पूछताछ की और मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए।

प्रशासन का कहना है कि झड़प के कारणों की गहन जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी छात्र या विद्यालय प्रशासन की लापरवाही अथवा अन्य जिम्मेदारी सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल विद्यालय परिसर में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और पुलिस एहतियात के तौर पर तैनात है। घटना के वास्तविक कारण और अन्य तथ्य जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।