22 दिन… स्केटिंग… और केदारनाथ! बस्ती के विनीत ने जज्बे से जीता कठिन सफर, पूरा किया वर्षों का सपना

बस्ती। अगर हौसले बुलंद हों तो मुश्किल रास्ते भी मंजिल तक पहुंचा देते हैं। बस्ती जिले के कप्तानगंज निवासी युवा स्केटर विनीत ने अपने अटूट साहस और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए स्केटिंग करते हुए 22 दिनों में केदारनाथ धाम की कठिन यात्रा पूरी कर एक अनोखी मिसाल कायम की है। उनकी इस उपलब्धि की पूरे जिले में जमकर चर्चा हो रही है।

केदारनाथ धाम पहुंचने के बाद विनीत ने बाबा केदार के दर्शन-पूजन किए और सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “22 दिन बाद मेरा सपना पूरा हुआ।” उनकी यह भावुक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है और लोग उन्हें बधाई देते हुए उनके जज्बे की सराहना कर रहे हैं।

विनीत की इस ऐतिहासिक यात्रा के पीछे उनकी मां सुभावती देवी का आशीर्वाद और लगातार मिला हौसला भी बड़ी ताकत बना। परिवार ने बताया कि कठिन सफर के दौरान मां लगातार उनकी सफलता और सुरक्षित यात्रा के लिए प्रार्थना करती रहीं। मंजिल हासिल होने पर मां की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

बताया जा रहा है कि इस चुनौतीपूर्ण सफर के दौरान विनीत ने लंबी दूरी, कठिन पहाड़ी रास्तों और मौसम की विपरीत परिस्थितियों का डटकर सामना किया, लेकिन अपने लक्ष्य से पीछे नहीं हटे। उनकी इस साहसिक यात्रा ने न केवल बस्ती जिले का नाम रोशन किया है, बल्कि युवाओं को यह संदेश भी दिया है कि मजबूत इच्छाशक्ति, मेहनत और आत्मविश्वास से हर सपना सच किया जा सकता है। क्षेत्रवासियों ने विनीत के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व जताया।