भदेश्वरनाथ धाम में लगेगा बीएसएनएल का बीटीएस

भदेश्वरनाथ धाम में लगेगा बीएसएनएल का बीटीएस

 

भाजपा नेता अरविंद पाल की पहल रंग लाई

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती। जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल भदेश्वरनाथ परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की समस्या जल्द दूर हो सकती है। भारतीय संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) की ओर से यहां नया बीटीएस (बेस ट्रांसीवर स्टेशन) स्थापित करने का प्रस्ताव भेज दिया गया है। यह जानकारी गोरखपुर रीजन के बीएसएनएल महाप्रबंधक (जीएम) विद्यानन्द ने दी।

 

बताया गया कि भदेश्वरनाथ क्षेत्र में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को लंबे समय से मोबाइल नेटवर्क की परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए भाजपा नेता अरविंद पाल ने बीएसएनएल अधिकारियों के समक्ष मामला उठाया और क्षेत्र में बेहतर दूरसंचार सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की थी।

 

जीएम विद्यानन्द ने बताया कि भदेश्वरनाथ में बीटीएस स्थापित करने के लिए प्रस्ताव संबंधित उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद आगे की तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करते हुए टावर स्थापित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीटीएस लगने से क्षेत्र में बीएसएनएल नेटवर्क की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा और कॉल ड्रॉप व इंटरनेट कनेक्टिविटी जैसी समस्याओं से लोगों को राहत मिलेगी।

 

भाजपा नेता अरविंद पाल ने कहा कि भदेश्वरनाथ एक प्रमुख धार्मिक एवं आस्था का केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। बेहतर मोबाइल नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध होने से श्रद्धालुओं, स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को लाभ मिलेगा। उन्होंने बीएसएनएल के अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति मिलेगी और जल्द ही क्षेत्र के लोगों को बेहतर दूरसंचार सेवाओं का लाभ प्राप्त होगा।