एक पेड़ मां के नाम अभियान में सबकी सहभागिता आवश्यक- डीएफओ

एक पेड़ मां के नाम अभियान में सबकी सहभागिता आवश्यक- डीएफओ

 

बस्ती जिले में 50 लाख पौधे रोपित करने का लक्ष्य

 

जनप्रतिनिधियों के साथ सभी संस्थाओं का मिल रहा सहयोग

 

बस्ती। पर्यावरण संरक्षण और मानव जीवन के अस्तित्व के लिए आवश्यक है कि हम सभी अपनी जिम्मेदारियां का निर्वहन करें। पर्यावरण को संरक्षित करने के साथ अपने आने वाली पीढ़ियां को हरा-भरा वातावरण उपलब्ध कराएं। डीएफओ बस्ती डा. शिरीन ने आमजन से सहयोग का आग्रह करते हुए कहा कि वह एक पेड़ मां के नाम अभियान में अवश्य शामिल हो। इसके माध्यम से वह हर हाल में एक पौध आरोपित कर उसका संरक्षण अवश्य करें।

उन्होंने बताया कि बस्ती जिले की 32 पौधशाला में 72 लाख पौधे तैयार हैं। जिसमें बस्ती जनपद का लक्ष्य 50 लाख पौधा रोपित करने का है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बीते 5 जून को 6 लाख पौधे जिले में आरोपित किए गए हैं। आगामी 12 जुलाई को पूरे जिले में वन विभाग 20 लाख 40 हजार पौधे रोपित करेगा। इसके साथ ही जो अन्य 26 विभाग हैं। वह 23 लाख 70 हजार पौधे रोपित करेंगे। सभी के सहयोग से बस्ती जिला अपने 50 लाख पौधा रोपित करने के लक्ष्य को पूरा करेगा।

डीएफओ ने बताया कि 1 से 7 जुलाई को सम्पन्न हुए वन सप्ताह के दौरान विभाग द्वारा सभी गैर सरकारी संगठनों, शिक्षण संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों के माध्यम से पौधारोपण करने के साथ जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

डीएफओ ने बताया कि इस अभियान में सभी विभागों के साथ जनप्रतिनिधियों और सभी सामाजिक संस्थाओं का पूरा सहयोग मिल रहा है। हम सब की यह सामूहिक जिम्मेदारी है कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर के हमेशा सतर्क और जागरूक रहें। जब भी हमें अवसर मिले हम पौधा लगाने के साथ उसकी देख रेख भी सुनिश्चित कराएं।