गुजरात से लौटे युवक की संदिग्ध मौत, मां ने दो युवकों पर जहर देकर हत्या और लूट का लगाया आरोप
बस्ती। जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र के महसो (पश्चिम टोला) निवासी सुंदरी देवी ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में अपने बेटे महेंद्र कुमार उर्फ अरुण की संदिग्ध मौत को हत्या बताते हुए गांव के ही दो युवकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने मामले में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, महेंद्र कुमार गुजरात में पेंटिंग का काम करता था और 25 मई 2026 को अपने गांव लौटा था। आरोप है कि गांव के जेठू निषाद और विवेक वरुण उसे बहला-फुसलाकर बस्ती ले गए और पार्टी करने की बात कही। महेंद्र अपने साथ अटैची, बैग और करीब 18 महीने की मेहनत की कमाई भी लेकर गया था।
परिजनों का कहना है कि रात में महेंद्र के मोबाइल से फोन कर बताया गया कि वह उनके साथ है और जल्द घर आ जाएगा। बाद में दोबारा फोन कर सूचना दी गई कि उसका एक्सीडेंट हो गया है और उसे कैली अस्पताल ले जाया गया है। अस्पताल पहुंचने पर महेंद्र बेहोशी की हालत में मिला, जबकि आरोपित मौके से फरार हो गए।
परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में जहर दिए जाने की आशंका जताते हुए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया, जहां 26 मई की सुबह इलाज के दौरान महेंद्र की मौत हो गई। परिजनों का यह भी आरोप है कि युवक के पास मौजूद अटैची, बैग और नकदी गायब थी तथा उसके साथ मारपीट कर सामान लूटने के बाद जहर देकर हत्या की गई।
सुंदरी देवी का कहना है कि अंतिम संस्कार और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के बाद उन्होंने 20 जून और फिर 22 जून 2026 को थाना लालगंज में प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने पुलिस से जेठू निषाद और विवेक वरुण के खिलाफ हत्या, लूट एवं अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।