एसपी संदीप कुमार मीना ने किया मगहर पुलिस चौकी का भव्य उद्घाटन

एसपी संदीप कुमार मीना ने किया मगहर पुलिस चौकी का भव्य उद्घाटन,

 

आधुनिक सुविधाओं से हुआ सुसज्जित

जनता-पुलिस के बीच विश्वास मजबूत करने की पहल: पुलिस अधीक्षक

 

कानून व्यवस्था सुदृढ़ रखने व रात्रि गश्त बढ़ाने के दिए निर्देश

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर, उत्तर प्रदेश शासन की मंशानुरूप पुलिस विभाग को आधुनिक, सुदृढ़ और जन-उपयोगी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर श्री संदीप कुमार मीना ने अपर पुलिस अधीक्षक श्री सुशील कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद श्री प्रियम राजशेखर पाण्डेय की उपस्थिति में थाना कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी मगहर स्थित नवनिर्मित एवं जीर्णोद्धारित पुलिस चौकी भवन का वैदिक मंत्रोच्चार एवं फीता काटकर भव्य उद्घाटन किया।

लंबे समय से इस पुलिस चौकी को आधुनिक संसाधनों एवं बेहतर आधारभूत संरचना की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। पुलिस अधीक्षक के विशेष प्रयासों से चौकी भवन का पूर्ण कायाकल्प किया गया है। नए भवन में पुलिसकर्मियों के बैठने की समुचित व्यवस्था, फरियादियों के लिए व्यवस्थित प्रतीक्षालय तथा आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही परिसर को स्वच्छ एवं हरित वातावरण के साथ एक आदर्श कार्यस्थल के रूप में विकसित किया गया है, जिससे पुलिसकर्मियों का मनोबल भी बढ़ेगा।

उद्घाटन के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित पुलिस बल एवं नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि यह जीर्णोद्धार केवल भवन सुधार नहीं, बल्कि जनता और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करने का एक माध्यम है। उन्होंने निर्देश दिए कि मगहर जैसे ऐतिहासिक एवं संवेदनशील क्षेत्र में आने वाले प्रत्येक पीड़ित की समस्या को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा त्वरित न्याय सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कानून व्यवस्था को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रखने, रात्रि गश्त बढ़ाने तथा अपराधियों एवं शरारती तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। नई साज-सज्जा और सुविधाओं से युक्त चौकी भवन को देखकर स्थानीय व्यापारियों, नागरिकों एवं ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है।

इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली खलीलाबाद श्री जयप्रकाश दुबे, चौकी प्रभारी मगहर सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधि व सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।