5 वर्षीय दिव्यांग बच्ची के घर पहुंचे सीडीओ, मानवीय पहल से जगी नई उम्मीद निशुल्क इलाज के दिए निर्देश
बस्ती। संवेदनशील प्रशासन की एक मिसाल पेश करते हुए मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल आईएएस ने ग्राम पंचायत जगदीशपुर पहुंचकर शारीरिक रूप से दिव्यांग 5 वर्षीय बच्ची अनवी, पुत्री रामरतन, के घर जाकर उसका हालचाल जाना। उन्होंने बच्ची और उसके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल
आवश्यक कार्रवाई करते हुए बच्ची के सम्पूर्ण निशुल्क उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।सीडीओ ने परिवार को आश्वस्त किया कि शासन की योजनाओं के अंतर्गत बच्ची को हरसंभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी और इलाज में किसी प्रकार की आर्थिक बाधा नहीं आने दी जाएगी। उनके इस मानवीय कदम से परिवार के चेहरे पर उम्मीद की नई किरण दिखाई दी।इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रभात सिंह ‘रुद्र ठाकुर’ ने बच्ची को दूध और फल भेंट कर उसके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। कार्यक्रम में ग्राम सचिव विनय सिंह, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सफाईकर्मी तिलकराम, किरण सहित ग्राम पंचायत के अन्य लोग उपस्थित रहे।मुख्य विकास अधिकारी की इस संवेदनशील पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। ग्रामीणों ने इसे प्रशासन की मानवीय कार्यशैली का सकारात्मक उदाहरण बताते हुए उम्मीद जताई कि बच्ची का इलाज शीघ्र शुरू होगा और उसे बेहतर जीवन की नई राह मिलेगी।