अवध में अवधेश का उदय, भाजपा ने सौंपी अवध क्षेत्र की कमान

अवध में अवधेश का उदय, भाजपा ने सौंपी अवध क्षेत्र की कमान

 

 

*धैर्य, समर्पण और संगठन का मिला सम्मान, अवधेश द्विवेदी बने क्षेत्रीय अध्यक्ष*

 

 

*ब्राह्मण चेहरे पर भाजपा का भरोसा, अवधेश द्विवेदी को मिली बड़ी जिम्मेदारी*

 

 

*कटेहरी से अवध तक बढ़ा कद, अवधेश द्विवेदी के नेतृत्व में संगठन को नई धार*

 

 

*अंबेडकर नगर के लिए ऐतिहासिक क्षण,पहली बार अवध क्षेत्र की कमान जिले के वरिष्ठ नेता के हाथ*

 

*अवध में अवधेश, भाजपा संगठन में अंबेडकर नगर का बढ़ा मान*

 

*भारतीय जनता पार्टी ने अपने संगठनात्मक विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीति के तहत बड़ा फैसला लेते हुए कटेहरी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व भाजपा प्रत्याशी अवधेश द्विवेदी को अवध क्षेत्र का क्षेत्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह निर्णय केवल एक संगठनात्मक नियुक्ति नहीं माना जा रहा, बल्कि भाजपा के भीतर सामाजिक और राजनीतिक संतुलन साधने की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम भी माना जा रहा है। पहली बार अंबेडकर नगर जनपद को भाजपा संगठन में इतना महत्वपूर्ण स्थान मिलने से जिले के कार्यकर्ताओं में उत्साह और गौरव का वातावरण है।*

*अवधेश द्विवेदी की नियुक्ति कई मायनों में महत्वपूर्ण है। सीतापुर के कमलेश मिश्रा के कार्यकाल के बाद भाजपा ने संगठन में बदलाव करते हुए एक ऐसे चेहरे पर भरोसा जताया है, जिसने वर्षों तक संगठन के प्रति निष्ठा, अनुशासन और समर्पण का परिचय दिया। इसे ब्राह्मण समाज की नाराजगी दूर करने की भाजपा की रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है।*

 

*कटेहरी विधानसभा उपचुनाव के दौरान भी अवधेश द्विवेदी भाजपा टिकट के प्रबल दावेदार माने जा रहे थे। हालांकि पार्टी ने पूर्व मंत्री धर्मराज निषाद को उम्मीदवार बनाया। उस समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात के बाद अवधेश द्विवेदी ने अनुशासित कार्यकर्ता की भूमिका निभाते हुए पार्टी के निर्णय को पूरी निष्ठा से स्वीकार किया। संगठन के प्रति उनका यही धैर्य, संयम और समर्पण आज उनके राजनीतिक जीवन की बड़ी उपलब्धि बनकर सामने आया है। भाजपा नेतृत्व ने उन्हें सम्मानजनक जिम्मेदारी देकर यह संदेश भी दिया है कि पार्टी में समर्पित कार्यकर्ताओं की उपेक्षा नहीं होती।*

 

*क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा के बाद अंबेडकर नगर सहित पूरे अवध क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। जिला भाजपा कार्यालय अटल भवन पर जिला अध्यक्ष देव पटेल की अगुवाई में कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के साथ मिठाइयां बांटी गईं और समर्थकों ने इसे जिले के लिए गौरव का क्षण बताया।*

 

*नवनियुक्त अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “भारतीय जनता पार्टी ने मुझ जैसे साधारण कार्यकर्ता पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उसके लिए मैं शीर्ष नेतृत्व का हृदय से आभारी हूं। मेरा प्रयास रहेगा कि संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाया जाए। प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान मेरी प्राथमिकता होगी तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करूंगा।”*

 

*अवधेश द्विवेदी भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं।*

 

*भाजपा का यह निर्णय न केवल संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, बल्कि आगामी चुनावी रणनीति की दृष्टि से भी इसे दूरगामी प्रभाव वाला कदम माना जा रहा है।