झपटमारी का खुलासा: दो आरोपी गिरफ्तार, मंगलसूत्र और स्कूटी बरामद
मगहर में महिला से छीनाझपटी करने वाले बदमाश पुलिस गिरफ्त में
तेज कार्रवाई से पुलिस को मिली सफलता, टीम को 25 हजार इनाम की घोषणा
जीतेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। जनपद पुलिस ने झपटमारी की एक घटना का सफल अनावरण करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया मंगलसूत्र और घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी भी बरामद की है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आमजन में भरोसा बढ़ा है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद जय प्रकाश दुबे के नेतृत्व में गठित टीम तथा सर्विलांस व एंटी थेफ्ट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी असरफाबाद से रसूलपुर मार्ग पर स्थित ईंट खड़ंजा के किनारे एक बाग के पास से 26 जून 2026 को की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में अरुण कुमार पुत्र विक्रम तथा संजय कुमार पुत्र स्वर्गीय सुमिरन निवासी देवरिया सूरस, थाना हरपुर बुदहट, जनपद गोरखपुर शामिल हैं। इनके पास से एक मंगलसूत्र मय लॉकेट तथा घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी (रजिस्ट्रेशन संख्या UP 53 FB 6252) बरामद की गई है।
घटना 25 जून 2026 की है, जब पीड़िता सुमन निषाद पत्नी राजू निषाद निवासी गोड़सरी थाना बांसगांव जनपद गोरखपुर अपने परिवार के साथ मगहर स्थित कबीर चौरा समाधि स्थल पर आई थीं। शिव मंदिर की ओर जाते समय स्कूटी सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनके गले से मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गए थे। पीड़िता की तहरीर के आधार पर कोतवाली खलीलाबाद में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान साक्ष्य संकलन के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि पैसों की जरूरत के चलते उन्होंने योजना बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया था और मंगलसूत्र को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विनोद कुमार यादव, उपनिरीक्षक महेश्वर चौधरी, हेड कांस्टेबल रविशंकर श्रीवास्तव, कांस्टेबल अरुण कुमार, कांस्टेबल संतोष यादव, प्रभारी निरीक्षक सर्विलांस अजय कुमार सिंह, कांस्टेबल पीयूष गुप्ता, प्रभारी एंटी थेफ्ट टीम उपनिरीक्षक अभिमन्यु सिंह, हेड कांस्टेबल आदित्य कुमार यादव, कांस्टेबल वीरबहादुर यादव एवं कांस्टेबल अरुण हलवाई शामिल रहे।
इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना द्वारा गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली पुलिस टीमों के उत्साहवर्धन हेतु 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।