आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में एक वर्ष से फरार युवक गिरफ्तार, दिल्ली में छिपकर कर रहा था नौकरी

लखनऊ कृष्णानगर थाना पुलिस ने युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने के चर्चित मामले में करीब एक वर्ष से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए अपना मोबाइल नंबर बदलकर दिल्ली में छिपकर नौकरी कर रहा था। पुलिस ने उसे कासगंज जिले से गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार 19 जून 2025 को अलीगढ़ निवासी सत्यवान सिंह ने थाना कृष्णानगर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री चंचल सिंह को सुभाष और उसके परिजन लगातार फोन पर अपशब्द कहकर प्रताड़ित करते थे तथा जान से मारने की धमकियां देते थे। इस मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर उनकी पुत्री ने आत्महत्या कर ली थी। मामले में थाना कृष्णानगर में मुकदमा संख्या 295/2025 धारा 108, 352 और 351(3) भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज किया गया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमें गठित की थीं। पुलिस टीमों ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन, स्थानीय सूचना तंत्र और अन्य तकनीकी माध्यमों की सहायता से आरोपी की लगातार तलाश की। इसी क्रम में 24 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कासगंज जिले के कोतवाली क्षेत्र स्थित मजीदपुर से आरोपी सुभाष को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी चंचल सिंह से पहले से जान-पहचान थी और दोनों के बीच नियमित रूप से मोबाइल फोन पर बातचीत होती थी। आरोपी के अनुसार 25 मई 2025 को बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। इसी दौरान आवेश में आकर उसने चंचल सिंह से फांसी लगाने जैसी बात कह दी थी।आरोपी ने बताया कि अगले दिन 26 मई 2025 को उसे जानकारी मिली कि चंचल सिंह ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। इसके बाद उसे यह भी पता चला कि युवती के पिता ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है। गिरफ्तारी के डर से उसने अपना मोबाइल नंबर बदल लिया और पहचान छिपाकर दिल्ली में रहने लगा, जहां वह नौकरी कर रहा था।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पूछताछ में प्राप्त तथ्यों को मुकदमे की विवेचना में शामिल किया जा रहा है और प्रकरण में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है ताकि घटना के संबंध में संपूर्ण तथ्य सामने आ सकें।गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुभाष पुत्र स्वर्गीय रमेशचंद, निवासी नौरंगाबाद छावनी, थाना गांधी पार्क, जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई है। उसकी उम्र 24 वर्ष बताई गई है।आरोपी की गिरफ्तारी में कृष्णानगर थाना प्रभारी प्रद्युम्न कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अंकित बालियान तथा उपनिरीक्षक अंकुर कुमार की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।