महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ग्रामसभा समैसा में एक भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “एक पेड़ माँ के नाम” वृहद वृक्षारोपण महाभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित ने खुद पौधा रोपकर इस महाभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का असली आधार हैं। पेड़-पौधे न केवल हमारे पर्यावरण को शुद्ध और संतुलित रखते हैं, बल्कि मानव जीवन को स्वस्थ और सुरक्षित बनाने में भी इनकी अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रधानमंत्री जी द्वारा शुरू किया गया ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान हमें प्रकृति और मातृत्व दोनों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर देता है। इस अभियान को तभी पूरी तरह सफल माना जाएगा, जब हर ग्रामीण कम से कम एक पौधा लगाए और एक मां की तरह ही उसकी नियमित देखभाल भी करे। आलोक सिंह रोहित, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि उन्होंने बढ़ते प्रदूषण और लगातार घटते हरित क्षेत्र (ग्रीन कवर) पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अब समाज के हर वर्ग को पर्यावरण बचाने के लिए आगे आना होगा। वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम या औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह हमारी आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित और खुशहाल करने का एक पवित्र संकल्प है। इस वृहद वृक्षारोपण अभियान के दौरान गांव के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से ओमप्रकाश तिवारी, सुनील पाण्डेय, लक्ष्मण पाण्डेय, करुणाकर पाण्डेय, प्रकाश चंद्र पाण्डेय, मंशाराम वर्मा, आलोक पाण्डेय, बृजेश वर्मा, सौरभ पाण्डेय, हर्षित पाण्डेय एवं संतराम निषाद सहित कई अन्य लोगों ने भी पौधे लगाकर पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लिया।