11 जून को तीन स्थानों पर होगा बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यों का पूर्वाभ्यास
बहराइच, 08 जून। जनपद में संभावित बाढ़ आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने तथा राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने के लिए 11 जून 2026 को प्रातः 09ः00 बजे से तीन स्थानों पर व्यापक मॉक ड्रिल (पूर्वाभ्यास) आयोजित की जाएगी। अपर जिलाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि इस अभ्यास का उद्देश्य आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करना तथा प्रभावित लोगों को त्वरित राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्थाओं का परीक्षण करना है।
मॉक ड्रिल के लिए तहसील महसी के ग्राम बौण्डी स्थित रामघाट सिलौटा, तहसील कैसरगंज के ग्राम तप्पेसिपाह (घाघराघाट) तथा तहसील नानपारा के ग्राम बौण्डी को चयनित किया गया है। इन स्थलों पर उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदारों को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। पूर्वाभ्यास के दौरान विभिन्न आपदा परिदृश्यों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें बाढ़ का पानी तेजी से आबादी क्षेत्र में प्रवेश करने की स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थानों एवं बाढ़ शरणालयों तक पहुंचाने, चेतावनी संदेशों का प्रसारण कराने, राहत शिविर स्थापित करने तथा प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की कार्यवाही शामिल होगी।
ग्राम तप्पेसिपाह में नाव पलटने की काल्पनिक स्थिति बनाकर रेस्क्यू अभियान चलाया जाएगा, जिसमें फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास किया जाएगा। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बौण्डी में मेडिकल कैम्प स्थापित कर प्रभावित व्यक्तियों के उपचार की व्यवस्था का परीक्षण किया जाएगा। साथ ही पशुओं के लिए चारा उपलब्ध कराने और राहत सामग्री वितरण की व्यवस्थाओं का भी पूर्वाभ्यास किया जाएगा। ग्राम बौण्डी, तहसील नानपारा में नदी के टापू पर फंसे किसानों को सुरक्षित निकालने, उन्हें बाढ़ शरणालय तक पहुंचाने, राहत सामग्री वितरण, स्वास्थ्य परीक्षण तथा पशुओं के लिए चारा उपलब्ध कराने जैसी गतिविधियों का अभ्यास किया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि इस मॉक ड्रिल से आपदा प्रबंधन तंत्र की तैयारियों का आकलन होगा तथा वास्तविक बाढ़ की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक प्रभावी एवं त्वरित बनाया जा सकेगा।
ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः