ख़डी ट्रेलर ट्रक से रोडवेज बस की टक्कर, दो की मौत, 11 घायल

-एनएच-27 जगनपुर ईदगाह के पास हुई दुर्घटना
सोहावल-अयोध्या। रौनाही थाना क्षेत्र के जगनपुर ईदगाह के पास मंगलवार की रात लगभग 1 बजे लखनऊ से गोरखपुर जा रही रोडवेज बस यू पी 78 एल टी 1376 सड़क के किनारे ख़डी ट्रेलर ट्रक पी बी 05 बी 9747 में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार हुई कि रोडवेज बस के अगले हिस्से का पर खच्चे उड़ गए। इसमें सवार यात्रियों में दर्जन भर से ज्यादा घायल हो गए। इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भेजे गये। इन यात्रियों में से दो यात्रियों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। 11 यात्रियों का इलाज अभी चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने संज्ञान लेते हुए न सिर्फ दुख जताया अपितु अधिकारियों को घायलों के इलाज को  लेकर कड़े दिशा निर्देश भी दिए। मृतकों में शामिल साबिर 54 वर्ष थाना कसया कुशीनगर व सुरेश कुमार 43 वर्ष थाना गोमती नगर लखनऊ के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। रौनाही प्रभारी निरीक्षक लालचंद सरोज ने बताया कि 11 अन्य यात्रियों के घायल होने पर जिला अस्पताल भेजा गया। जिनका इलाज चल रहा है। कुछ यात्रियों को मामूली चोट थी। इन्हे इलाज के बाद घर भेज दिया गया। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।