प्रतापगढ़ एसपी ने शनिदेव मंदिर का निरीक्षण किया: श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, दिए आवश्यक निर्देश

प्रतापगढ़ एसपी ने शनिदेव मंदिर का निरीक्षण किया: श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, दिए आवश्यक निर्देश

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

प्रतापगढ़ के पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने शनिवार को थाना देल्हूपुर क्षेत्र स्थित प्राचीन शनिदेव मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण जनपद में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से किया गया।

निरीक्षण के दौरान, एसपी भूकर ने मंदिर परिसर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि दर्शन के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो। इसके लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहे। मंदिर परिसर में साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और पार्किंग को भी व्यवस्थित रखने पर जोर दिया गया।

एसपी दीपक भूकर ने क्षेत्र में शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की। उन्होंने जनता से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया। उन्होंने पुलिस कर्मियों को आमजन से सौम्य व्यवहार करने और सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश भी दिए। प्रतापगढ़ पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। मंदिर परिसर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में दर्शन कर सकें।