महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित व्यापार बंधु की बैठक के दौरान शुक्रवार को अयोध्या धाम उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारियों ने नवनियुक्त जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी का भव्य स्वागत किया। इस दौरान संगठन के अध्यक्ष पंकज गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों ने नवागत डीएम को अयोध्या धाम की विभिन्न स्थानीय समस्याओं से अवगत कराते हुए एक मांग पत्र सौंपा। जिलाधिकारी ने जनहित और व्यापारी हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर तत्काल अपनी सहमति देते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। फुटपाथ पर लगेंगी स्थाई कैनोपी, व्यापारियों के चालान होंगे निरस्त व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने तीन प्रमुख मांगों को तत्काल स्वीकार कर लिया श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कैनोपी लता मंगेशकर चौक से लेकर श्री राम हॉस्पिटल तक दोनों तरफ के फुटपाथों पर, जहाँ से होकर भारी संख्या में दर्शनार्थी गुजरते हैं, वहाँ धूप और बरसात से बचाव के लिए स्थाई कैनोपी लगाने की व्यवस्था की जाएगी। हनुमानगढ़ी तिराहे पर हाईमास्ट लाइट हनुमानगढ़ी तिराहा (श्रृंगार हाट बैरियर) पर आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए हाईमास्ट लाइट लगाई जाएगी। व्यापारियों के चालान होंगे खत्म: रामपथ चौड़ीकरण के दौरान विकास प्राधिकरण द्वारा जिन व्यापारियों का गलत तरीके से चालान काटा गया था, उन्हें समाप्त करने का आश्वासन डीएम ने दिया है। सकारात्मक रुख से व्यापारियों में हर्ष बैठक के बाद व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज गुप्ता ने जिलाधिकारी के इस त्वरित और सकारात्मक रुख की सराहना की। उन्होंने कहा कि नवागत जिलाधिकारी ने पहले ही दिन व्यापारियों और श्रद्धालुओं की बुनियादी समस्याओं को समझकर जो निर्णय लिए हैं, उससे अयोध्या के व्यापारिक समाज में अत्यंत हर्ष का माहौल है। इस अवसर पर व्यापार मंडल के कई प्रमुख पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।