तहसील व्यवस्था पर सख्त हुए एसडीएम, खलीलाबाद सदर तहसील का किया औचक निरीक्षण

तहसील व्यवस्था पर सख्त हुए एसडीएम, खलीलाबाद सदर तहसील का किया औचक निरीक्षण

 

अभिलेखों की स्थिति, लंबित मामलों और साफ-सफाई पर कड़ी नजर, लापरवाही पर चेतावनी

 

‘जनता को मिले त्वरित न्याय’— समयबद्ध निस्तारण और पारदर्शिता के दिए निर्देश

 

जितेंद्र पाठक

 

संतकबीरनगर (खलीलाबाद):

जनपद की प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से बुधवार को सदर एसडीएम हृदय राम त्रिपाठी ने खलीलाबाद सदर तहसील परिसर का औचक एवं विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील के विभिन्न विभागों और पटलों का गहनता से जायजा लेते हुए कार्यप्रणाली की बारीकी से समीक्षा की।

दोपहर लगभग 12 बजे शुरू हुए इस निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने अभिलेखों के रखरखाव, लंबित राजस्व प्रकरणों तथा सरकारी योजनाओं से संबंधित फाइलों की स्थिति का परीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी राजस्व मामलों का निस्तारण निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के क्रम में नजारत कार्यालय, लेखपाल कक्ष, कानूनगो कार्यालय एवं आरबीओ कार्यालय का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान एसडीएम ने कार्यालयों में साफ-सफाई, अभिलेखों की सुव्यवस्थित व्यवस्था तथा कर्मचारियों की उपस्थिति पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि तहसील में आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और उसका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।

एसडीएम हृदय राम त्रिपाठी ने सख्त लहजे में कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता या उदासीनता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का हवाला देते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान तहसील परिसर में मौजूद कर्मचारियों में हलचल देखी गई और कई कर्मचारी अभिलेखों को व्यवस्थित करने में जुटे नजर आए। इस प्रशासनिक कार्रवाई को तहसील की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी, जवाबदेह एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।