फायरिंग मामले में 3 गिरफ्तार: अवैध तमंचा और एक मोटरसाइकिल बरामद, पारिवारिक विवाद में की वारदात
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ के मानिकपुर थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के विवाद के दौरान हुई फायरिंग और मारपीट के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक अवैध तमंचा और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। गिरफ्तार किए गए आरोपी रायबरेली जनपद के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान अतौलिया के पास से सचिन मौर्या (21), आशू मौर्या (19) और लवकुश (21) को पकड़ा गया। ये सभी रायबरेली जनपद के सलोन थाना क्षेत्र के धरई गांव के निवासी हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपनी बहन के साथ हो रहे पारिवारिक विवाद और मारपीट से नाराज थे। इसी नाराजगी में वे तमंचा लेकर उसकी ससुराल पहुंचे और ससुराल पक्ष के लोगों के साथ गाली-गलौज व मारपीट की। आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की, हालांकि युवक बाल-बाल बच गया। आरोपियों ने पुलिस को यह भी बताया कि घटना के बाद वे दोबारा वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। वे जंगल में छिपकर अंधेरा होने का इंतजार कर रहे थे, तभी पुलिस टीम ने उन्हें धर दबोचा। यह घटना मानिकपुर थाना क्षेत्र के बजहाभीट गांव की है। गांव निवासी कृपाशंकर पुत्र प्रमोद कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि 8 मई की रात उनकी पत्नी साक्षी से विवाद हुआ था। विवाद के दौरान पत्नी ने अपने मायके पक्ष के लोगों को बुला लिया था।तहरीर के अनुसार, समझौते के दौरान जब शिवशंकर वहां से जा रहे थे, तभी एक युवक ने तमंचा निकालकर उनके पेट पर सटा दिया और फायर कर दिया। हालांकि, शिवशंकर ने हाथ से झटका मारकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना पर यूपी-112 पुलिस मौके पर पहुंची थी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।