लखनऊ। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। परिणामों में हाईस्कूल में 90.42 प्रतिशत और इंटरमीडिएट में 80.38 प्रतिशत विद्यार्थी सफल घोषित किए गए हैं। हाईस्कूल परीक्षा में संयुक्त रूप से बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज, सीतापुर की कशिश वर्मा और द मॉडर्न एकेडमी इंटर कॉलेज, बाराबंकी की अंशिका वर्मा ने 97.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज, सीतापुर की शिखा वर्मा ने 97.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। सरकार की मंशा के अनुरूप बोर्ड परीक्षाएं पूरी तरह नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई गईं।इस अवसर पर माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने लखनऊ स्थित अपने आवास से हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की टॉपर छात्राओं और उनके अभिभावकों से दूरभाष के माध्यम से वार्ता कर उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा की गुणवत्ता को लगातार बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और विद्यार्थियों की मेहनत ही राज्य के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष की परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, नकलविहीन और समयबद्ध रही, जो शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक परिवर्तन का संकेत है। उन्होंने यह भी कहा कि बेटियों द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है और यह बेटी पढ़ाओ-बेटी बढ़ाओ की भावना को सशक्त करता है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों से निरंतर परिश्रम और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।माध्यमिक शिक्षा निदेशक एवं परिषद के सभापति डॉ. महेंद्र देव तथा परिषद सचिव भगवती सिंह ने प्रयागराज स्थित परिषद सभागार में परीक्षाफल की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 के बीच प्रदेश के 8,033 परीक्षा केंद्रों पर 15 कार्यदिवसों में सफलतापूर्वक संपन्न कराई गईं। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 मार्च से 4 अप्रैल 2026 के बीच कुल 254 मूल्यांकन केंद्रों पर कराया गया।हाईस्कूल परीक्षा में कुल 26,01,381 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए, जिनमें 13,43,524 बालक और 12,57,857 बालिकाएं शामिल रहीं। इनमें से 23,52,181 परीक्षार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए, जिससे कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 90.42 रहा। बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 87.30 तथा बालिकाओं का 93.76 प्रतिशत रहा, जो बालकों से 6.46 प्रतिशत अधिक है। संस्थागत परीक्षार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 90.51 रहा, जबकि व्यक्तिगत परीक्षार्थियों का 66.67 प्रतिशत दर्ज किया गया। हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 96,803 परीक्षकों द्वारा किया गया।
इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 24,86,072 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए, जिनमें 13,09,397 बालक और 11,76,675 बालिकाएं शामिल थीं। इनमें से 19,98,317 परीक्षार्थी सफल घोषित किए गए, जिससे कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 80.38 रहा। बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 75.04 तथा बालिकाओं का 86.32 प्रतिशत रहा, अर्थात बालिकाएं 11.28 प्रतिशत आगे रहीं। संस्थागत परीक्षार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 80.47 तथा व्यक्तिगत परीक्षार्थियों का 77.54 प्रतिशत दर्ज किया गया। इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 55,973 परीक्षकों द्वारा किया गया।इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 24 जनवरी से 9 फरवरी 2026 के बीच दो चरणों में 18,007 परीक्षकों की निगरानी में संपन्न कराई गईं। आंशिक विषयों की परीक्षा में हाईस्कूल के 3,286 तथा इंटरमीडिएट के 58,134 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए।