फलाहारी बाबा की पुण्यतिथि पर संतों का जुटाव, भंडारे में उमड़ा जनसैलाब

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। शास्त्री नगर (मीरापुर डेराबीबी) स्थित श्री राज गोपाल मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। अवसर था अनंत श्री विभूषित, साकेतवासी महंत कौशल किशोर शरण ‘फलाहारी बाबा’ की पुण्य तिथि का। इस उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का समापन मंगलवार को विशाल भंडारे के साथ हुआ, जिसमें अयोध्या के दिग्गज साधु-संतों और गृहस्थों ने प्रसाद पाकर खुद को कृतार्थ महसूस किया। मानस की चौपाइयों से गूंजा परिसर
धार्मिक अनुष्ठान का आरंभ 18 अप्रैल को ‘संगीतमय श्रीरामचरितमानस अखंड पाठ’ से हुआ था। संपुट पाठ की मधुर ध्वनियों के बीच 19 अप्रैल को पाठ का विश्राम हुआ। मंगलवार को आयोजित ‘भंडारा उत्सव’ में दोपहर से ही मंदिर परिसर ‘जय सियाराम’ के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा।
संत सेवा से ही कल्याण महंत सीताराम शरण भंडारे के दौरान मंदिर के महंत सीताराम शरण और अधिकारी सर्वेश्वर दास ‘शरद’ ने पधारे हुए सभी विशिष्ट संतों का भावपूर्ण स्वागत किया। संतों को अंगवस्त्र भेंट किए गए और भोजन उपरांत पारंपरिक रीति से दान-दक्षिणा देकर विदा किया गया। महंत सीताराम शरण ने कहा कि पूज्य गुरुदेव फलाहारी बाबा जी का जीवन लोक कल्याण को समर्पित था। उनकी स्मृति में संतों और भक्तों की सेवा करना ही हमारे लिए वास्तविक पूजन है। वैष्णव परंपरा का निर्वहन ही इस सेवा प्रकल्प का मूल उद्देश्य है।
देर शाम तक चला प्रसाद वितरण
इस पावन अवसर पर राजगोपाल परिवार के सदस्य, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंदिर प्रशासन की कुशल व्यवस्था के कारण हजारों लोगों ने सुव्यवस्थित ढंग से भोजन प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे का यह कार्यक्रम देर शाम तक अनवरत चलता रहा, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय परिवेश में डूबा नजर आया।