बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ विद्या मंदिर रामबाग बना गौरव का केन्द्र

बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ विद्या मंदिर रामबाग बना गौरव का केन्द्र

 

_सी.बी.एस.ई. बोर्ड परीक्षा में रामबाग का शानदार प्रदर्शन_

 

बस्ती। सी.बी.एस.ई. बोर्ड द्वारा घोषित किए गए कक्षा 10 के परीक्षा परिणाम में सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रामबाग-बस्ती के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। विद्यालय का परिणाम अत्यंत सराहनीय रहा तथा विद्यार्थियों ने अनुशासन, परिश्रम एवं लगन का उत्कृष्ट परिचय दिया।

इस बात की जानकारी देते हुए विद्या मंदिर रामबाग के प्रधानाचार्य श्री गोविंद सिंह ने बताया कि विद्यालय की छात्रा आशा मिश्रा ने 97.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं आयुष ओझा तथा सौम्या पाण्डेय ने 96.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान हासिल किया। रजनीश चौधरी ने 95.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। साथ ही आयुष वर्मा तथा राम मिश्रा 95.40 प्रतिशत, साक्षी कुमारी 95.20 प्रतिशत, हिमांशु पटेल 95.00 प्रतिशत, अक्षय प्रताप सिंह 94.80 प्रतिशत, अंकिता चौधरी ने 94.80 प्रतिशत अंक प्राप्त किये।

 

इसके अतिरिक्त विद्यालय के 44 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक तथा 228 विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षिक परंपरा को आगे बढ़ाया। विद्या भारती गोरक्ष प्रांत के प्रदेश निरीक्षक मा. राम सिंह जी, सेवा शिक्षा प्रमुख श्रीमान योगेश जी तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री गोविंद सिंह द्वारा माल्यार्पण करके व मिष्ठान खिलाकर इन सभी छात्रों एवं उनके अभिभावकों का सम्मान किया गया। सभी ने इन छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना की।

 

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री गोविन्द सिंह ने विद्यार्थियों की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम विद्यार्थियों की मेहनत, आचार्यों के सतत मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के सहयोग का प्रतिफल है। छात्रों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंध समिति अध्यक्ष मा. गोपाल गाडिया जी, प्रबंधक डॉ. सुरेन्द्र प्रताप सिंह, कोषाध्यक्ष श्री प्रहलाद मोदी सहित प्रबंध समिति के सभी सदस्यों एवं समस्त आचार्य-आचार्याओं ने सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।