तेरहवीं में श्रद्धांजलि, योग एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों के साथ प्रवास सम्पन्न
बस्ती। पतंजलि योग समिति के गोरखपुर जिला प्रभारी श्री जितेंद्र शुक्ला जी के ब्रह्मभोज के अवसर पर कल सायं 7 से 9 बजे तक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान जनपद गोरखपुर, बस्ती एवं संत कबीरनगर से लगभग 50 पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता करते हुए परम् पूज्य गुरुदेव द्वारा संप्रेषित शोक पत्र भेंट किया तथा भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में मुख्य केंद्रीय प्रभारी आदरणीय राकेश भ्राता जी एवं भारत स्वाभिमान ट्रस्ट, उत्तर प्रदेश पूर्व के राज्य प्रभारी श्री श्रीभगवान जी ने भी दूरभाष के माध्यम से अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
इसके उपरांत रात्रि प्रवास बस्ती जनपद के योगाचार्य गरुड़ध्वज पाण्डेय के आवास पर हुआ। अगले दिन प्रातः 5 बजे से 7:30 बजे तक निःशुल्क योग कक्षा का आयोजन G.I.C. ग्राउंड परिसर में पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी श्री सुभाष जी के नेतृत्व में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
पतंजलि योग समिति के राज्य प्रभारी दुर्गेश योगी जी ने जानकारी देते हुए बताया कि संगठन विस्तार एवं योग के प्रचार-प्रसार हेतु इस प्रकार के नियमित कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं।
इसके पश्चात आजीवन सदस्य श्री राजेश श्रीवास्तव जी के आवास पर शिष्टाचार भेंट एवं जलपान कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर ओम प्रकाश आर्य और डॉ वीरेन्द्र त्रिपाठी ने योग साधकों के अनुभव सुने और नियमित योग करने की सलाह दी।तत्पश्चात यज्ञ कार्यक्रम भी सम्पन्न किया गया, जिसमें सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
इस अवसर पर महामंत्री प्रो. डॉ. नवीन सिंह, डॉ वीरेंद्र त्रिपाठी, युवा प्रभारी राम मोहन जी सहित अनेक गणमान्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में गोरखपुर, संत कबीरनगर, बस्ती एवं अयोध्या के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई, जिन्होंने उत्कृष्ट प्रबंधन एवं संगठन निर्माण में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।