एक क्लिक से होगा श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय का वर्चुअल टूर

 

360 डिग्री की 3000 से भी ज्यादा तस्वीरों से तैयार होगा वर्चुअल टूर, दुनिया के किसी भी कोने में बैठा व्यक्ति कर सकेगा भ्रमण।

पलवल, प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी 10 अप्रैल : देश की पहली सरकारी स्किल यूनिवर्सिटी का अब दुनिया के किसी भी कोने में बैठ कर भ्रमण किया जा सकेगा। यह सम्भव होगा श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के वर्चुअल टूर से। 360 डिग्री की 3000 से भी ज्यादा फोटो के जरिए विश्वविद्यालय परिसर के हर कोने को क्लिक करके देखा जा सकेगा। शुक्रवार को कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने इस प्रोजेक्ट का शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा कि यह एक क्रांतिकारी कदम साबित होगा। यहां दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थी या फिर नवाचार पर आधारित अत्याधुनिक लैब को सब अपने कंप्यूटर या मोबाइल फोन पर 24 घंटे और सातों दिन एक्सेस कर पाएंगे। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने कहा कि सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि यह वर्चुअल टूर एसवीएसयू के कंप्यूटर साइंस एन्ड इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी डिपार्टमेंट के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को प्रोजेक्ट के माध्यम से सीखने का मौका दे रहा है। इससे उन्हें एक नई पहचान मिलेगी। अकादमिक अधिष्ठाता प्रोफेसर विक्रम सिंह ने इस प्रोजेक्ट के लिए विद्यार्थियों को बधाई दी और कहा कि अन्य विद्यार्थियों को भी ऐसे प्रोजेक्ट दिए जाएंगे, ताकि वह पढ़ाई के दौरान ही काम भी सीख सकें और पैसे भी कमा सकें।
वर्चुअल टूर प्रोजेक्ट पर काम कर रहे विद्यार्थी शिवम ने बताया कि पहले चरण में तक्षशिला भवन का वर्चुअल टूर तैयार किया जा रहा है। एक क्लिक करके विश्वविद्यालय के किसी भी भवन का भ्रमण किया जा सकता है। इसके लिए 3000 से भी अधिक 360 डिग्री फोटो को स्टिच करके पूरा टूर बनाया जाएगा। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार तथा अधिष्ठाता प्रोफेसर विक्रम सिंह ने इस प्रोजेक्ट में शामिल शिवम, सौरव, शिवसागर, प्रथम और मोहित की पीठ थपथपाई। शिवम ने बताया कि उन्होंने प्रोफेसर ऊषा बत्रा के निर्देशन में यह प्रोजेक्ट शुरू किया है। सभी विद्यार्थियों ने इस प्रोजेक्ट के लिए विभागाध्यक्ष डॉ. रवींद्र कुमार और अपने शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता जताई।
वर्चुअल टूर प्रोजेक्ट का शुभारम्भ करते एसवीएसयू के कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार।