विश्व होम्योपैथी दिवस पर होम्योपैथी सप्ताह का भव्य समापन 10 अप्रैल को, उपमुख्यमंत्री करेंगे शिरकत

लखनऊ, । राजकीय नेशनल होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, गोमती नगर, लखनऊ द्वारा विश्व होम्योपैथी दिवस के उपलक्ष्य में 01 से 10 अप्रैल 2026 तक आयोजित होम्योपैथी सप्ताह का समापन 10 अप्रैल को प्रातः 11 बजे राष्ट्रीय स्तर के वैज्ञानिकों की उपस्थिति तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ किया जाएगा।समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य लालजी प्रसाद निर्मल, विधायक योगेश शुक्ला, महानिदेशक आयुष चौत्रा वी, विशेष सचिव आयुष हरिकेश चौरसिया तथा निदेशक होम्योपैथी प्रमोद कुमार सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्तित्व एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहेंगे। इसके अतिरिक्त होम्योपैथिक चिकित्सा क्षेत्र के प्रख्यात विशेषज्ञ डॉ. बी.एन. सिंह, डॉ. एस.एम. सिंह तथा डॉ. विक्रमा प्रसाद भी कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
यह जानकारी महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. विजय कुमार पुष्कर ने देते हुए बताया कि दस दिवसीय इस आयोजन के अंतर्गत महाविद्यालय द्वारा शैक्षणिक, वैज्ञानिक तथा जनजागरूकता से जुड़े अनेक कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए गए हैं। समापन अवसर पर एक विशेष वैज्ञानिक सत्र का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें अंतरराष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ डॉ. लेस्ली जेबों द्वारा व्याख्यान प्रस्तुत किया जाएगा।उन्होंने बताया कि सप्ताह भर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं, खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेताओं तथा प्रदेश के सभी राजकीय एवं निजी होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालयों के बीएचएमएस पाठ्यक्रम के उत्कृष्ट विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।इस आयोजन का उद्देश्य होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम को लेकर महाविद्यालय प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।