बस्ती भाजपा जिला पदाधिकारियों की घोषणा: संगठन में संतुलन और ऊर्जा का संगम

बस्ती भाजपा जिला पदाधिकारियों की घोषणा: संगठन में संतुलन और ऊर्जा का संगम

 

बस्ती। भारतीय जनता पार्टी बस्ती जिला इकाई के बहुप्रतीक्षित जिला पदाधिकारियों की सूची गुरुवार देर रात प्रदेश कार्यालय से जारी कर दी गई। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की संतुति के बाद कई दिनों से लंबित इस सूची को अंतिम रूप देने हेतु प्रदेश कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, क्षेत्रीय प्रभारी गोविन्द नारायण शुक्ल, क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानन्द राय एवं जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र उपस्थित रहे। विस्तृत मंथन के पश्चात पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की गई।

सूची जारी होते ही संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। सुबह होते ही सोशल मीडिया से लेकर फोन कॉल्स के माध्यम से नव नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं मिलने लगीं। जिला कमेटी के गठन में सामाजिक और वर्गीय संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है, जिससे संगठन को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

घोषित पदाधिकारियों में प्रत्यूष विक्रम सिंह, भानु प्रकाश मिश्र, वीरेंद्र गौतम, अखण्ड प्रताप सिंह, दिलीप पाण्डेय, ब्रम्हदेव यादव, शालिनी मिश्रा एवं शिवानी सिंह को जिला उपाध्यक्ष बनाया गया है। अमृत कुमार वर्मा, अभिषेक कुमार एवं प्रेम प्रकाश चौधरी को जिला महामंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त सुनील सिंह, राकेश शर्मा, राजेन्द्र राजभर, नीलम गौंड, प्रदीप निषाद, सुरेन्द्र कुमार चौधरी, सुधाकर पाण्डेय नीरज एवं विनय सिंह भरद्वाज को जिला मंत्री नियुक्त किया गया है। राधेश्याम कमलापुरी को जिला कोषाध्यक्ष, अजय पाल सिंह को जिला मीडिया प्रभारी, नीरज त्रिपाठी को सह जिला मीडिया प्रभारी तथा रवि कुमार तिवारी को आईटी सेल संयोजक बनाया गया है।

इसके साथ ही 50 जिला कार्यसमिति सदस्यों की भी घोषणा की गई है, जबकि 20 सदस्यों की घोषणा अभी शेष है।

पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी ने सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि “यह टीम संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। सभी पदाधिकारी पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में पूरी निष्ठा से कार्य करें।

जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने कहा, “संतुलित और समर्पित टीम का गठन किया गया है। सभी कार्यकर्ताओं के सहयोग से हम संगठन को और सशक्त बनाएंगे तथा आगामी चुनौतियों का मजबूती से सामना करेंगे।