बस्ती में व्यापारियों का धरना-प्रदर्शन, प्रीपेड मीटर व्यवस्था के विरोध में सौंपा ज्ञापन

बस्ती में व्यापारियों का धरना-प्रदर्शन, प्रीपेड मीटर व्यवस्था के विरोध में सौंपा ज्ञापन

 

शक्ति शरण उपाध्याय

बस्ती। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों ने डॉ. हरिमूर्ति सिंह मनोज प्रदेश उपाध्यक्ष अध्यक्ष बस्ती मंडल की अध्यक्षता में जिला अधिकारी कार्यालय पर ज्ञापन सौंपा। इसके साथ ही विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता कार्यालय पर भूख हड़ताल कर धरना-प्रदर्शन भी किया गया। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने प्रीपेड मीटर व्यवस्था को पूरी तरह फेल बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग उठाई। उनका कहना है कि इस व्यवस्था के कारण हजारों व्यापारी और उपभोक्ता गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं। डॉ. हरिमूर्ति सिंह मनोज ने बताया कि प्रीपेड मीटर के सर्वर ठीक से काम नहीं कर रहे हैं, जिससे भुगतान करने के बावजूद उपभोक्ताओं की बिजली कट जा रही है। एप के माध्यम से जमा की गई राशि भी समय पर अपडेट नहीं हो रही है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदेश उपाध्यक्ष परमात्मा प्रसाद मद्धेशिया ने कहा कि उपभोक्ताओं की पुरानी सिक्योरिटी राशि के समायोजन का विवरण उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। वहीं जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने आरोप लगाया कि बिना किसी ठोस आधार के वर्षों पुरानी रिकवरी भेजी जा रही है, जिससे उपभोक्ता परेशान हैं और अधिकारी लापरवाह बने हुए हैं।

नगर अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि कनेक्शन पीडी (परमानेंट डिस्कनेक्शन) कराने के बाद फाइनल बिल बनाने में भारी अवैध वसूली की जा रही है, जिसे तत्काल रोका जाना चाहिए। जिला महामंत्री आलोक दुबे ने बताया कि प्रीपेड मीटर लगने के बाद भी अधिकांश उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर अपडेट नहीं किए जा रहे हैं।

नगर महामंत्री राणा महेंद्र प्रताप ने कहा कि मीटर लगाने के बाद बड़ी संख्या में सीलिंग सर्टिफिकेट पोर्टल पर अपलोड नहीं किए गए हैं। नगर कोषाध्यक्ष भरत राम गुप्ता उर्फ बब्लू ने बताया कि कई उपभोक्ताओं के मोबाइल में संबंधित ऐप डाउनलोड तक नहीं हो पा रहा है। नगर मंत्री प्रदीप सिंह ने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग द्वारा उपभोक्ताओं का उत्पीड़न किया जा रहा है।

व्यापार मंडल ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान सौरभ श्रीवास्तव जिला उपाध्यक्ष, मनप्रीत सिंह हरि जिला उपाध्यक्ष पंकज गुप्ता जिला कोषाध्यक्ष इरफान खान नगर उपाध्यक्ष राज खान नगर उपाध्यक्ष संध्या गोस्वामी नगर अध्यक्ष महिला मोर्चा वंदना वर्मा जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा अष्टभुजा गुप्ता नगर मंत्री सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।