प्रेमिका को किडनैप कर मार डाला, नहर में फेंकी बॉडी: 6 महीने की प्रेग्नेंट थी, शादी की जिद पर अड़ी थी, थप्पड़ मारने पर गुस्साया
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध के विवाद में एक गर्भवती महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में महिला के प्रेमी अनुज सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका करीब छह माह की गर्भवती थी। मृतका के पिता ने 15 तारीख को पुलिस में शिकायत थी कि उनकी बेटी, जो इलाज के लिए लालगंज गई थी, लापता हो गई है। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान, 17 मार्च 2026 को संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र की शारदा सहायक नहर-2 के पास महिला का शव बरामद हुआ। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अनुज सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर महिला का अपहरण किया और फिर उसकी हत्या कर शव को गोंदाही नहर में फेंक दिया था। शव मिलने के बाद पुलिस ने नामजद आरोपी अनुज सिंह और अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी अनुज सिंह ने बताया कि वह मृतका को लंबे समय से जानता था और दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। 15 मार्च को महिला लालगंज आई थी, जहां उनकी मुलाकात हुई। महिला आरोपी के साथ रहने की जिद कर रही थी, जबकि अनुज की शादी कहीं और तय हो चुकी थी।आरोपी के अनुसार, उसने महिला को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं मानी और उसे थप्पड़ मारा, तो वह गुस्से में आ गया। अनुज उसे अपने टायर गोदाम ले गया और कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर देने की कोशिश की। बाद में उसने महिला का गला दबाकर हत्या कर दी।हत्या के बाद, आरोपी ने शाम होने का इंतजार किया और शव को अपनी अर्टिगा कार की डिग्गी में रखकर संग्रामगढ़ की गोंदाही नहर में फेंक दिया। शव मिलने के बाद अनुज सिंह डर के कारण इधर-उधर छिपता रहा, लेकिन पुलिस ने उसे रायपुर तियाई के पास से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल, पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भी जांच जारी है।